हिमाचल प्रदेश में 5 मई तक मौसम खराब, 3-4 मई को येलो अलर्ट

 


शिमला, 29 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 5 मई तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के मुताबिक 30 अप्रैल से 2 मई तक राज्य में बादल छाए रहेंगे और कई जगह हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 3 और 4 मई को आंधी, बारिश और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 5 मई को भी मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना नहीं है और कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है।

वेस्टर्न डिस्टरबेन्स के असर से प्रदेश में मौसम के तेवर बदले हुए हैं और पिछले दो दिनों से अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। बुधवार को भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजधानी शिमला में सुबह हल्की बारिश हुई, जिसके बाद दिनभर धूप-छांव बना रहा, जबकि ठियोग और फागू जैसे ऊपरी इलाकों में तेज बारिश देखने को मिली। इस बदलाव का सीधा असर तापमान पर पड़ा है और राज्य के औसत अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है।

तापमान में गिरावट के कारण शिमला और मनाली जैसे पर्यटन स्थलों पर ठंडक महसूस की जा रही है। शिमला में अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है, जबकि मनाली में यह 17 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री नीचे है। दूसरी ओर, कुछ निचले इलाकों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है। ऊना में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री, सुंदरनगर में 27, नाहन में 30.4, कांगड़ा में 29.6, मंडी में 26.8 और बरठीं में 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है, जिससे सुबह और रात के समय ठंडक महसूस की जा रही है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री, कल्पा में 6, ताबो में 6.2, सेओबाग में 10.6, मनाली में 10.9, सराहन में 11.2, सोलन में 12.7, भुंतर में 12.9, शिमला में 14.6, पालमपुर में 15, बरठीं में 15.5, जुब्बड़हट्टी में 15.8, नाहन और मंडी में 16.7, कांगड़ा में 17.5, बिलासपुर में 18.5, ऊना और देहरा गोपीपुर में 19, धर्मशाला में 20.6 और पांवटा साहिब में 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। औसत न्यूनतम तापमान में भी करीब 2 डिग्री की गिरावट आई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान सराहन में करीब 25.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि शिलारू, मनाली और कसौली में लगभग 5 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा कई अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी ने ठंड को और बढ़ा दिया है।

मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है। इन दिनों राज्य के कई हिस्सों में गेहूं की कटाई का काम चल रहा है और लगातार हो रही बारिश से फसल को नुकसान का खतरा पैदा हो गया है। ऐसे में यह बदलता मौसम लोगों के लिए राहत के साथ-साथ चिंता भी लेकर आया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा