हिमाचल में दो दिन घने कोहरे का येलो अलर्ट, बिलासपुर में 100 मीटर तक सिमटी दृश्यता, शिमला से ठंडी रहीं कई मैदानी शहरों की रातें
शिमला, 24 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मैदानी व निचले इलाकों में अगले दो दिन सुबह और शाम घने कोहरे का प्रकोप रह सकता है। मौसम विभाग ने 25 और 26 नवंबर को कुछ स्थानों पर घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार सुबह बिलासपुर में दृश्यता घटकर 100 मीटर रह गई, जबकि मंडी में 250 मीटर और सुंदरनगर में 800 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। ये तीनों शहर नदी किनारे स्थित हैं। प्रदेश में रात के तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच कई मैदानी शहर शिमला और कुफरी से भी ठंडे रहे। शिमला का न्यूनतम तापमान 24 घंटे में 3.9 डिग्री बढ़कर 11.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है। जनजातीय क्षेत्रों में पारा अभी भी शून्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 30 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। नवंबर में अब तक सामान्य से करीब 72 फीसदी कम बारिश हुई है।
कोहरे से वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह
मंगलवार सुबह प्रदेश के मैदानी इलाकों में कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हुई। बिलासपुर में सबसे कम 100 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। मंडी में यह 250 मीटर और सुंदरनगर में 800 मीटर रही। ये तीनों शहर नदी किनारे बसे हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिन भी मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम कोहरे का असर बने रहने की आशंका जताई है। 25 और 26 नवंबर को कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
कोहरे के दौरान सड़कों पर दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखने, आगे चल रहे वाहनों से उचित दूरी बनाए रखने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की जरूरत है। नदी किनारे स्थित क्षेत्रों में कोहरे का असर अधिक रहने की संभावना है।
शिमला का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री ज्यादा, 24 घंटे में आया उछाल
राजधानी शिमला में पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान करीब 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा था। मंगलवार को इसमें अचानक 3.9 डिग्री की बढ़ोतरी हुई और न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है। इसी तरह कुफरी में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 3.2 डिग्री बढ़ा है।
इसके विपरीत प्रदेश कई निचले इलाकों में रातें शिमला और कुफरी से अधिक ठंडी रहीं। सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री, भुंतर में 2.4 डिग्री और बिलासपुर में 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मैदानी क्षेत्रों में रात के तापमान में गिरावट के साथ सुबह ठंड का असर बना हुआ है।
लाहौल -स्पीति के ताबो में माइनस 5.9 डिग्री, कुकुमसेरी में माइनस 4 डिग्री पहुंचा पारा
प्रदेश के जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप जारी है। मंगलवार को ताबो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में माइनस 4.0 डिग्री और केलांग में माइनस 1.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड के कारण प्राकृतिक जलस्रोतों का पानी जम गया है।
प्रदेश के अन्य प्रमुख स्थानों पर न्यूनतम तापमान में बजौरा में 1.9 डिग्री, भुंतर में 2.4 डिग्री, सियोबाग में 3.3 डिग्री, सुंदरनगर में 3.7 डिग्री, सोलन में 4.2 डिग्री, मनाली में 4.5 डिग्री, चंबा में 4.8 डिग्री, कल्पा में 5.0 डिग्री, पालमपुर में 6.0 डिग्री, मंडी में 6.7 डिग्री, बिलासपुर में 7.0 डिग्री, ऊना में 7.2 डिग्री, कांगड़ा में 7.2 डिग्री, धर्मशाला में 7.8 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 9.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 10.0 डिग्री, नाहन में 10.1 डिग्री, भरमौर में 10.0 डिग्री, सराहन में 11.9 डिग्री, नेरी में 12.0 डिग्री और पांवटा साहिब में 16.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
10 शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे, राज्य के औसत में भी गिरावट
मंगलवार को प्रदेश के 10 मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। इनमें पालमपुर में सामान्य से 2.5 डिग्री, नाहन में 2.2 डिग्री, चंबा में 1.9 डिग्री, बिलासपुर में 1.5 डिग्री, भुंतर में 1.3 डिग्री, सुंदरनगर में 1.2 डिग्री, धर्मशाला, कांगड़ा और मंडी में 0.9-0.9 डिग्री तथा सोलन में 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
वहीं, प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री कम दर्ज किया गया।
30 नवंबर तक नहीं गिरेगी बर्फ, सूखी ठंड कर रही परेशान
प्रदेश में मंगलवार को मौसम साफ बना हुआ है। आने वाले दिनों में भी बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 30 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। लंबे समय से बारिश न होने के कारण राज्य में शुष्क ठंड का असर बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा