हिमाचल में सूखी ठंड बढ़ी, जनजातीय इलाकों में माइनस पारा, निचले इलाकों में कोहरे का कहर
शिमला, 22 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में सुखी ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। जनजातीय इलाकों में रात का तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है, जबकि मैदानी और नदी किनारे बसे क्षेत्रों में सुबह घना कोहरा छाने लगा है। रविवार को मंडी जिले के सुंदरनगर में कोहरे के कारण दृश्यता घटकर महज 70 मीटर रह गई। इससे सुबह के समय सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी हुई। दूसरी ओर दिन चढ़ने के साथ प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ हो गया और धूप खिली है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में 28 नवंबर तक बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। नवंबर में अब तक सामान्य से 70 फीसदी कम बारिश हुई है। कम बारिश के कारण सूखी ठंड का असर बढ़ रहा है।
लाहौल स्पीति के ताबो में माइनस 4.6 डिग्री पहुंचा तापमान
रविवार को प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। लाहौल-स्पीति का ताबो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी जिले के कुकुमसेरी में तापमान माइनस 2.4 और केलांग में माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस रहा। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री और मनाली में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बजौरा में 4.0, भुंतर में 4.4, सुंदरनगर में 6.2, चंबा में 6.4 और पालमपुर व सोलन में 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
शिमला में 7.5, पांवटा साहिब में 16 डिग्री
अन्य प्रमुख स्थानों की बात करें तो कुफरी में न्यूनतम तापमान 7.1 और राजधानी शिमला में 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर में यह 8.0, ऊना, कांगड़ा और मंडी में 8.5 तथा बरठीं में 8.7 डिग्री रहा। भरमौर में न्यूनतम तापमान 9.0 और जुब्बड़हट्टी में 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धर्मशाला और नाहन में तापमान 10.8, देहरा गोपीपुर में 12.0, नेरी में 12.7 और सराहन में 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पांवटा साहिब में प्रदेश का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चार शहरों में सामान्य से नीचे रहा पारा
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के चार शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहा। पालमपुर में तापमान सामान्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। नाहन में यह सामान्य से 1.5 डिग्री, बिलासपुर में 0.5 डिग्री और चंबा में 0.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। हालांकि, पूरे प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान अभी सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम साफ रहने से दिन में धूप लोगों को राहत दे रही है, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने लगी है। आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं होने से प्रदेश में सूखे मौसम का दौर जारी रहने का अनुमान है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा