हिमाचल में 3 दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, आंधी-बिजली की चेतावनी
शिमला, 27 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मार्च के अंतिम दिनों में मौसम के तेवर बदल रहे हैं। मौसम विभाग ने 28, 29 और 30 मार्च को प्रदेश में बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए हैं। इन तीन दिनों के दौरान कई स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। विभाग के अनुसार इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
शुक्रवार सुबह से ही राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे। इससे तापमान में गिरावट महसूस की गई और ठंड का असर फिर बढ़ गया। ऊंचाई वाले इलाकों में बीती रात हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। लाहौल-स्पीति के केलांग क्षेत्र में ट्रेस (हल्की) बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने आज भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेशभर में मौसम के तेवर ज्यादा खराब रहेंगे। 28 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा, जिसके चलते अगले तीन दिन 28, 29 और 30 मार्च को निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। विभाग ने इन तीन दिनों के लिए कुछ स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
हालांकि 31 मार्च तथा 1 और 2 अप्रैल को भी मौसम खराब रहने की संभावना है, लेकिन इन दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि एक और पश्चिमी विक्षोभ 28 मार्च की रात से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर हिमाचल में भी देखने को मिलेगा।
इस बीच मार्च माह समाप्त होने को है, लेकिन प्रदेश में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है। जनजातीय क्षेत्रों केलांग में आज न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री, कल्पा में 3.5 डिग्री और कुकुमसेरी में 2.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं शिमला का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री, मनाली का 7.1 डिग्री, धर्मशाला का 7.2 डिग्री, पालमपुर का 11.5 डिग्री, सोलन का 12.3 डिग्री और सुंदरनगर का 13.3 डिग्री दर्ज किया गया। मैदानी क्षेत्रों में ऊना में 16.5 डिग्री, कांगड़ा में 14.6 डिग्री और बिलासपुर में 15.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। ठंड के कारण हिल स्टेशनों शिमला और मनाली में लोग अभी भी गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं, जबकि मैदानी इलाकों में भी गर्मी का असर पूरी तरह शुरू नहीं हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा