हिमाचल में 26 जून तक आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, 4 डिग्री लुढ़का तापमान, मानसून की दस्तक का इंतजार
शिमला, 22 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में प्री मानसून की वर्षा ने मौसम को सुहावना बना दिया है और भीषण गर्मी का कहर कम हुआ है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मौसम विभाग ने 26 जून तक कई जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार सुबह राजधानी शिमला में हल्की बारिश हुई, जबकि राज्य के कई हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार 27 और 28 जून को भी पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा, हालांकि इन दो दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान जोत में सबसे अधिक 22 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा सलापड़ में 14 मिलीमीटर, धौलाकुआं में 9 मिलीमीटर, भरमौर में 5 मिलीमीटर, मनाली में 6 मिलीमीटर, मंडी में 2 मिलीमीटर, केलांग में 1 मिलीमीटर और कांगड़ा में 0.2 मिलीमीटर वर्षा हुई। रिकांगपिओ, सियोबाग और नेरी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं।
मौसम विभाग ने 23 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। 24 जून को यह चेतावनी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर तक विस्तारित रहेगी। वहीं 25 और 26 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
मौसम के बदले मिजाज का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में औसतन 3.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट रिकॉर्ड की गई।
सोमवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना और हमीरपुर जिला के नेरी में 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद बिलासपुर में 34 डिग्री, कांगड़ा में 33 डिग्री, बरठीं में 31.8 डिग्री, धर्मशाला में 31 डिग्री, नाहन में 30.8 डिग्री, मंडी में 30.3 डिग्री, सोलन में 29.5 डिग्री, सुंदरनगर में 29.1 डिग्री, भुंतर में 27.8 डिग्री, चंबा में 27.5 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 26.8 डिग्री, बजौरा में 26.6 डिग्री, मनाली में 26 डिग्री, मशोबरा में 23.6 डिग्री, रिकांगपिओ में 23.5 डिग्री, शिमला में 22.8 डिग्री, तबो में 20.2 डिग्री, कुफरी में 18.6 डिग्री, कल्पा में 18.5 डिग्री, नारकंडा में 17.6 डिग्री और केलांग में 11.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, ओडिशा, झारखंड और बिहार के और हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में इसके और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। हालांकि हिमाचल प्रदेश में अभी मानसून की आधिकारिक एंट्री नहीं हुई है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ और मैदानी इलाकों से गुजर रही मौसमी ट्रफ के प्रभाव से प्रदेश में अगले कई दिनों तक बारिश और बादलों का दौर जारी रहने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के साथ-साथ तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। इस बार मानसून के दस्तक देने में विलंब होगा। राज्य में मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख़ 25 जून रहती है, जबकि पिछले वर्ष 20 जून को मानसून ने दस्तक दी थी। इस बार जून के आखिर में मानसून के पहुंचने के आसार हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा