हिमाचल में एक हफ्ते तक खराब रहेगा मौसम, 3-4 जून को आंधी-बारिश का अलर्ट
शिमला, 31 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज अगले एक सप्ताह तक बदला हुआ रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में 6 जून तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है। विशेष रूप से 3 और 4 जून को कई जिलों में आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए चेतावनी जारी की गई है। लगातार बादल छाए रहने और बारिश होने से प्रदेश में भीषण गर्मी का असर काफी कम हो गया है। निचले और मैदानी क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से राहत मिली है, जबकि पहाड़ी और ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ठंडा हो गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 50 मिलीमीटर वर्षा बिलासपुर जिले के नैना देवी में हुई। इसके अलावा शिमला जिले के सराहन में 28.5 मिलीमीटर, पांवटा साहिब में 20.4 मिलीमीटर, ऊना में 20.0 मिलीमीटर, बिलासपुर में 18.4 मिलीमीटर, कसौली में 18.0 मिलीमीटर और जुब्बड़हट्टी में 13.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। सुंदरनगर में 7.9 मिलीमीटर तथा अन्य कई क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान शिमला, जुब्बड़हट्टी, सुंदरनगर, कांगड़ा, मुरारी देवी और जोत क्षेत्र में गरज-चमक और बिजली कड़कने की घटनाएं दर्ज की गईं, हालांकि कहीं से भी किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।
रविवार को भी शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई, जिससे सेब और अन्य गुठलीदार फलों को नुकसान पहुंचा है। राज्य की पर्वत शृंखलाओं पर हल्का हिमपात भी दर्ज किया गया, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने 3 और 4 जून के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
बारिश और बादलों की वजह से प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। कुछ दिन पहले ऊना और पांवटा साहिब जैसे क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन अब इन इलाकों का तापमान करीब 10 से 15 डिग्री तक नीचे आ चुका है। निचले क्षेत्रों में गर्मी का प्रकोप कम हुआ है, जबकि पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली में लोगों को फिर से ठंड का एहसास होने लगा है।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान की बात करें तो जनजातीय क्षेत्र कुकुमसेरी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद केलांग में 7.0 डिग्री, कुफरी में 8.6 डिग्री, कल्पा में 9.0 डिग्री, ताबो में 9.5 डिग्री, मनाली में 11.1 डिग्री, शिमला और भरमौर में 12.0-12.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 12.5 डिग्री, सराहन में 13.9 डिग्री, सियोबाग में 14.5 डिग्री, सोलन में 15.0 डिग्री, नाहन में 15.9 डिग्री, भुंतर और पालमपुर में 16.5 डिग्री तथा धर्मशाला में 16.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
रविवार को अधिकतम तापमान में ऊना सबसे गर्म स्थान रहा, जहां 33.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद हमीरपुर के नेरी में 32.6 डिग्री, मंडी में 31.4 डिग्री, बरठीं में 29.9 डिग्री, भुंतर में 29.5 डिग्री, चंबा में 29.4 डिग्री, सुंदरनगर में 29.3 डिग्री, कांगड़ा में 29.2 डिग्री, धर्मशाला में 28.0 डिग्री, नाहन में 26.4 डिग्री, सोलन में 25.5 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 24.2 डिग्री, ताबो में 21.3 डिग्री, शिमला में 21.6 डिग्री, मनाली में 21.2 डिग्री, केलांग में 18.7 डिग्री, कल्पा में 15.1 डिग्री और कुफरी में 14.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा