हिमाचल में 11 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, चंबा में बस पर पत्थर गिरने से यात्री की मौत

 


शिमला, 05 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता के चलते बारिश का दौर जारी है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार को भी बादल बरसे। मौसम विभाग ने 11 जुलाई तक राज्य में बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। 6 से 9 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी और बहुत भारी बारिश का ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इस बीच चंबा जिले में रविवार सुबह चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गेहरा के पास एक निजी बस पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक यात्री की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज चंबा में चल रहा है।

पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 84.2 मिलीमीटर वर्षा कांगड़ा जिले के घमरूर में दर्ज की गई। इसके अलावा धर्मशाला में 39.2 मिमी, बिलासपुर जिले के नैना देवी में 28.2 मिमी, मंडी जिले के मुरारी देवी में 26.2 मिमी, सोलन जिले के धर्मपुर में 16.2 मिमी, बिलासपुर के मलराओं में 15.0 मिमी, ऊना में 14.2 मिमी, सोलन के कसौली और चंबा के भरमौर में 14-14 मिमी तथा बिलासपुर के काहू में 13.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

6 से 9 जुलाई तक इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 6 जुलाई को ऊना, कांगड़ा व सिरमौर जिले में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं चंबा, मंडी व शिमला जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।

7 जुलाई को कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चंबा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।

8 जुलाई को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

9 जुलाई को बिलासपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि 10 और 11 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

चंबा में बस पर गिरा पत्थर, एक की मौत

चंबा जिले में रविवार सुबह चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गेहरा के पास एक निजी बस पर पहाड़ी से अचानक बड़ा पत्थर गिर गया। हादसे के समय बस में करीब 40 से 45 यात्री सवार थे। सभी लोग भरमौर में आयोजित शिव पूजन समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि प्रशासन को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

लाहौल-स्पीति में चंद्रभागा नदी का बढ़ा जलस्तर, एडवाइजरी

लगातार बारिश और चंद्रभागा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन ने जोबरंग पुल को लेकर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से कहा है कि यदि पुल के ऊपर से पानी बह रहा हो या नदी का जलस्तर अधिक हो तो किसी भी स्थिति में पुल पार न करें। पैदल यात्रियों, दोपहिया वाहनों और पशुओं की आवाजाही भी तभी की जाए, जब पुल पूरी तरह सुरक्षित हो। आपात स्थिति में पंचायत प्रतिनिधियों या जिला आपदा संचालन केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा