हिमाचल में चार दिन आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

 


शिमला, 02 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में जून की शुरुआत के साथ मौसम सुहावना बना हुआ है और भीषण गर्मी का असर कम है। मंगलवार को राज्य के अधिकांश इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे, जबकि कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अब 3 से 6 जून तक लगातार चार दिन प्रदेश के कई जिलों में आंधी, गर्जन, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 3 से 7 जून तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा और कई क्षेत्रों में वर्षा की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। सबसे अधिक 26 मिलीमीटर वर्षा सोलन जिले के कंडाघाट में दर्ज की गई। वहीं शिमला जिले के पर्यटन स्थलों कुफरी और फागू में 16-16 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश और बादलों के असर से प्रदेश के कई क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई और गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 3 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का येलो अलर्ट रहेगा। 4 जून को मौसम गतिविधियां और व्यापक होंगी। इस दिन ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में आंधी, बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।

5 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। वहीं 6 जून को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में गर्जन, बिजली चमकने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, किन्नौर तथा लाहौल-स्पीति में अधिकांश दिनों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है, हालांकि छिटपुट वर्षा से इनकार नहीं किया गया है।

मंगलवार को दर्ज अधिकतम तापमानों पर नजर डालें तो सबसे अधिक तापमान ऊना में 37.0 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद नेरी 35.9, मंडी 35.0, सुंदरनगर 34.7, कांगड़ा 34.6, भुंतर 34.2, नाहन 33.2, बरठीं 33.1, चंबा 31.7, सोलन 31.5, धर्मशाला 31.0, जुब्बड़हट्टी 29.2, मनाली 27.2, शिमला 25.0, ताबो 22.5, केलांग 22.0, कल्पा 21.4 और कुफरी में 19.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा