हिमाचल में 12-13 नवंबर को अंधड़ और बारिश का अलर्ट, बर्फबारी के भी आसार

 


शिमला, 09 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों में मौसम बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 और 13 नवंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में अंधड़ चलने, बिजली गिरने और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 10 से 15 नवंबर के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। दूसरी ओर, मैदानी क्षेत्रों में सुबह धुंध छाने से दृश्यता घट रही है। सोमवार सुबह मंडी में दृश्यता 200 मीटर और सुंदरनगर में 300 मीटर दर्ज की गई। ठंड का असर भी बढ़ने लगा है। जनजातीय क्षेत्र कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। प्रदेश के अन्य कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी रात का तापमान काफी नीचे बना हुआ है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, दो दिन येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में 10 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने लगेगा। इसका प्रभाव 12 और 13 नवंबर को सबसे अधिक रहने का अनुमान है। इन दोनों दिनों के लिए कई स्थानों पर अंधड़ चलने, बिजली गिरने और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 11, 14 और 15 नवंबर को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। मौसम में इस बदलाव का असर प्रदेश के मैदानी, मध्यवर्ती और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अलग-अलग रूप में देखने को मिल सकता है।

किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कुल्लू में बर्फबारी के आसार

10 से 15 नवंबर के बीच प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान है। इसका असर खासतौर पर किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और चंबा जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में बर्फबारी होने से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। इससे प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ेगा। फिलहाल पिछले कुछ दिनों से राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है। सोमवार को भी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली रही। दिन के समय धूप से मौसम सुहावना बना हुआ है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड महसूस की जा रही है।

कुकुमसेरी में माइनस 1.8 डिग्री, पांवटा साहिब सबसे गर्म

प्रदेश के तापमान में ऊंचाई और भौगोलिक स्थिति के अनुसार अंतर बना हुआ है। सोमवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल स्पीति जिला के कुकुमसेरी में माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद ताबो में 0.1, केलांग में 1.2, कल्पा में 3.2, सेओबाग में 6.0, मनाली में 6.2, कुफरी में 7.2, बजौरा में 7.7, भुंतर में 8.1, सोलन में 8.4, सुंदरनगर में 9.0, पालमपुर में 9.5, बरठीं में 9.9 और शिमला व भरमौर में 10.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इसी तरह मंडी में न्यूनतम तापमान 10.4, बिलासपुर में 10.5, धर्मशाला में 11.2, ऊना में 11.5, कांगड़ा में 11.6, जुब्बड़हट्टी में 12.4, नाहन में 13.5, देहरा गोपीपुर में 14.0, नेरी में 14.4 और पांवटा साहिब में 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पांवटा साहिब प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों में प्रदेश के औसत तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान 0.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। औसत तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

मैदानी इलाकों में धुंध, मंडी में 200 मीटर रही दृश्यता

प्रदेश में एक ओर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ रही है, वहीं मैदानी इलाकों में सुबह धुंध छाने लगी है। नदी किनारे बसे क्षेत्रों में इसका असर अधिक देखने को मिल रहा है। सोमवार सुबह मंडी में धुंध के कारण दृश्यता घटकर 200 मीटर रह गई, जबकि सुंदरनगर में यह 300 मीटर दर्ज की गई। इससे सुबह के समय सड़कों पर आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा