हिमाचल में अंधड़, ओलावृष्टि और आसमानी बिजली का अलर्ट, ठंड बढ़ी
शिमला, 30 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम के तेवर कड़े बने हुए हैं और राज्य के अधिकांश हिस्सों में ठंड का असर बढ़ गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है, जबकि कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 5 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम के खराब बने रहने की संभावना जताई है और कई जिलों के लिए अंधड़, ओलावृष्टि तथा आसमानी बिजली को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राज्य के लाहौल-स्पीति जिले के मुख्यालय केलंग में 2 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके अलावा रोहतांग दर्रे सहित किन्नौर, कुल्लू और चंबा की ऊंची चोटियों पर भी हिमपात हुआ है। शिमला, मनाली और अन्य मध्य व निचले इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो सराहन में 32.7 मिमी, कसौली में 32.0 मिमी, धर्मपुर में 27.6 मिमी, पच्छाद में 20.4 मिमी, सोलन में 18.4 मिमी, मनाली में 14.0 मिमी, सेओबाग में 11.4 मिमी, रोहड़ू में 10.0 मिमी, कंडाघाट में 8.4 मिमी, भुंतर में 7.8 मिमी और धर्मशाला में 7.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इसके अलावा शिमला में 4.4 मिमी और सुंदरनगर में 4.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश के औसतन न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान शिमला में 11.8 डिग्री, सुंदरनगर में 12.1 डिग्री, भुंतर में 9.3 डिग्री, कल्पा में 3.0 डिग्री, धर्मशाला में 9.5 डिग्री, ऊना में 15.3 डिग्री, नाहन में 15.3 डिग्री, केलंग में 1.5 डिग्री, पालमपुर में 13.5 डिग्री, सोलन में 11.0 डिग्री, मनाली में 7.1 डिग्री, कांगड़ा में 15.2 डिग्री, मंडी में 13.3 डिग्री और बिलासपुर में 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ठंड बढ़ने से पहाड़ी इलाकों में लोग फिर से गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं, जबकि मैदानी और निचले क्षेत्रों में भी मौसम ठंडा बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार आज कई स्थानों पर अंधड़, ओलावृष्टि और आसमानी बिजली के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
सोलन, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य आठ जिलों में आज अलर्ट रहेगा। इनमें शिमला, मंडी और कुल्लू में ओलावृष्टि, आसमानी बिजली व 40 से 60 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से आंधी चलने का ओरेंज अलर्ट रहेगा। जबकि कांगड़ा, चम्बा, हमीरपुर, बिलासपुर व ऊना में येलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद 31 मार्च को कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। एक और 2 अप्रैल को मौसम खराब रहेगा, लेकिन किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। वहीं 3 और 4 अप्रैल को फिर से कई जिलों में अंधड़ और आसमानी बिजली की चेतावनी जारी की गई है। 5 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा