हिमाचल के 10 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, 18 अक्टूबर से खुलेगा मौसम

 


शिमला, 14 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम अगले तीन दिन तक करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर यानी वीरवार को राज्य के 10 जिलों में आंधी, बिजली कड़कने और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य सभी जिलों में मौसम खराब होने की आशंका है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। 16 और 17 अक्टूबर को भी राज्य के कुछ क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद 18 से 20 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार वीरवार को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में आंधी और बिजली कड़कने की आशंका है। इन जिलों के कुछ क्षेत्रों में बारिश भी हो सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 16 और 17 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर मौसम खराब रह सकता है, हालांकि इन दोनों दिनों के लिए मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री

प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ने लगी है। लाहौल-स्पीति जिले के कुकुमसेरी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ताबो में न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री रहा। किन्नौर के कल्पा में 6.2 डिग्री, मनाली में 8.4 डिग्री, भुंतर में 11.0 डिग्री और कुफरी में 11.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

अन्य प्रमुख स्थानों में सोलन का न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री, पालमपुर और भरमौर का 13.0 डिग्री, चंबा का 13.2 डिग्री और शिमला का 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री, ऊना में 14.8 डिग्री, कांगड़ा में 15.2 डिग्री, मंडी में 15.3 डिग्री और बिलासपुर में 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री, सराहन में 17.8 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 19.0 डिग्री और पांवटा साहिब में 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।

राज्य का औसत तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक

मौसम विभाग की बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। राज्य का औसत तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस अवधि में अधिकांश मौसम केंद्रों पर बारिश दर्ज नहीं हुई। सराहन में एक मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा