जल शक्ति विभाग में जल्द भरे जाएंगे मल्टी टास्क वर्कर के चार हजार पद :मुख्यमंत्री सुक्खू
शिमला, 22 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में शनिवार को प्रश्नकाल के दौरान जल शक्ति विभाग में मल्टी टास्क वर्कर का मामला उठा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधायक भुवनेश्वर गौड़ के सवाल के जवाब में कहा कि जल शक्ति विभाग में जल्द ही मल्टी टास्क वर्कर के 4 हजार पद भरे जाएंगे। मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती पूर्व सरकार के समय बनाई गई नीति के आधार पर जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड में खाली पड़े कार्यशील पदों को भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता के माध्यम से बिजली मित्रों की भर्ती की जाएगी। मनाली विधानसभा क्षेत्र में भी बिजली मित्रों की भर्ती होगी। इसमें स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
बेलदार के पदों को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन पदों को पूर्व सरकार के समय ही समाप्त कर दिया गया था। इनके स्थान पर मल्टी टास्क वर्कर की नीति बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि बाढ़ या आपदा के समय होने वाला काम ठेके पर कराया जाता है। यह काम ठेकेदार के माध्यम से कराया जाता है। मुख्यमंत्री के अनुसार यह व्यवस्था पिछले 40 से 50 वर्षों से चली आ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा