हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से, 3 सितंबर तक होंगी 10 बैठकें
शिमला, 01 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से शुरू होगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शनिवार को बताया कि 14वीं विधानसभा का 12वां सत्र 21 अगस्त को सुबह 11 बजे आरंभ होगा। यह सत्र 3 सितंबर तक चलेगा और इस दौरान कुल 10 बैठकें आयोजित की जाएंगी। राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद विधानसभा सचिवालय ने शनिवार को सत्र की अधिसूचना जारी कर दी है।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 22 अगस्त को शनिवार के दिन दिन भी सदन की बैठक होगी। वहीं 28, 29 और 30 अगस्त को बैठकें नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 29 अगस्त को शनिवार होने के कारण सदन की कार्यवाही नहीं रखी गई है।
उन्होंने बताया कि 27 अगस्त को गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस निर्धारित किया गया है। इस दिन निजी सदस्यों के विधेयक और प्रस्ताव सदन में लिए जाएंगे। सत्र की अधिसूचना जारी होने के साथ ही सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े प्रश्न, सूचनाएं और अन्य कार्य ऑफलाइन तथा ऑनलाइन माध्यम से विधानसभा सचिवालय को भेज सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश में यह मानसून सत्र ऐसे समय होने जा रहा है, जब राज्य कई महत्वपूर्ण मुद्दों से गुजर रहा है। पिछले बजट सत्र के बाद से प्रदेश में भारी बारिश और आपदाओं से हुए नुकसान, सड़कों और बुनियादी ढांचे की स्थिति, वित्तीय हालात, कर्मचारियों और पेंशन से जुड़े मुद्दे, कानून-व्यवस्था, विभिन्न विभागों से जुड़े फैसले तथा भाजपा विधायकों व नेताओं पर विजिलेंस द्वारा हुईं एफआईआर इत्यादि मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच कई राजनीतिक मुद्दों पर लगातार बयानबाजी होती रही है। ऐसे में इन विषयों के सदन में उठने की संभावना है। सरकार और विपक्ष कई अहम मुद्दों पर आमने-सामने आ सकते हैं। इसे देखते हुए इस बार विधानसभा का मानसून सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा