हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा चरण 18 से, मुख्यमंत्री 21 मार्च को पेश करेंगे मुख्यमंत्री

 


शिमला, 03 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा चरण 18 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। विधानसभा सचिवालय की अधिसूचना के मुताबिक इस चरण में कुल 13 बैठकें प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 21 मार्च को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सदन में पेश करेंगे।

सत्र के पहले दिन राज्यपाल द्वारा बजट सत्र के पहले चरण में दिए गए अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा और उसी दिन इस पर चर्चा भी शुरू होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 मार्च को धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया जाएगा। बजट पेश होने के बाद 23 मार्च से बजट अनुमानों पर चर्चा शुरू होगी। सदन में विस्तृत बहस के बाद 30 मार्च को बजट पारित किए जाने का कार्यक्रम तय किया गया है। 31 मार्च को गैर सरकारी कार्य दिवस रखा गया है, जिसमें विधायकों के निजी प्रस्ताव और अन्य गैर सरकारी कामकाज निपटाए जाएंगे।

इससे पहले बजट सत्र का पहला चरण 16, 17 और 18 फरवरी को आयोजित किया गया था। दूसरे चरण में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक होने की संभावना जताई जा रही है। विपक्षी दल भाजपा विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। दूसरी ओर सत्तारूढ़ कांग्रेस भी पलटवार की रणनीति बना रही है और केंद्र सरकार व विपक्ष पर कई मुद्दों, विशेषकर आरडीजी खत्म करने के सवाल पर जवाब देने की तैयारी कर रही है।

राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि बजट सत्र के दौरान प्रदेश की वित्तीय स्थिति, विकास योजनाओं, कर्मचारियों से जुड़े मामलों और केंद्र-राज्य संबंधों जैसे मुद्दों पर सदन में जोरदार बहस देखने को मिल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा