हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव का बिगुल, 17 मई को मतदान

 

शिमला, 21 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव का बिगुल बज गया है और 17 मई को मतदान कराया जाएगा। इस दिन सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक वोट डाले जाएंगे। राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने मंगलवार को शिमला में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि नगर परिषद और नगर पंचायत के चुनावों की मतगणना उसी दिन कर ली जाएगी, जबकि नगर निगमों के वोटों की गिनती 31 मई को संबंधित निगम मुख्यालयों में होगी।

अनिल खाची के अनुसार इस बार राज्य के 51 शहरी निकायों में चुनाव कराए जाएंगे, जिनमें चार नगर निगम मंडी, सोलन, पालमपुर और धर्मशाला शामिल हैं। इसके अलावा 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों में भी चुनाव होंगे। नामांकन की प्रक्रिया 29, 30 अप्रैल और 2 मई को पूरी की जाएगी। इसके बाद 4 मई को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी और 6 मई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।

उन्होंने बताया कि चुनावों में बड़ी संख्या में मतदाता हिस्सा लेंगे, जिनमें करीब 1 लाख 80 हजार पुरुष और 1 लाख 79 हजार महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 589 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।

राज्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि चारों नगर निगमों में चुनाव पार्टी चिन्हों पर होंगे, जबकि नगर परिषद और नगर पंचायत के चुनाव बिना पार्टी चिन्ह के कराए जाएंगे। ऐसे में नगर निगम चुनावों को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। इस चुनाव में सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी दल भाजपा की साख दांव पर रहेगी और दोनों ही दल चारों नगर निगमों में जीत दर्ज करने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे। राज्य में अगले साल के अंत में विधानसभा चुनाव भी प्रस्तावित हैं, ऐसे में इन चुनावों को उससे पहले एक अहम राजनीतिक परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।

अनिल खाची ने यह भी बताया कि पंचायत चुनावों की घोषणा फिलहाल नहीं की गई है, लेकिन अगले एक सप्ताह के भीतर इसके कार्यक्रम का भी ऐलान किया जाएगा।

गौरतलब है कि राज्य के चारों नगर निगमों का पांच साल का कार्यकाल 12 अप्रैल को समाप्त हो गया था, जिसके बाद अब नए प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए यह कार्यक्रम घोषित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा