हिमाचल के दुर्गम इलाकों के लिए एयर एम्बुलेंस शुरू करे केंद्र सरकार : सांसद सिकंदर कुमार

 




शिमला, 03 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए स्थायी एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू करने की मांग उठाई गई है। राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से मुलाकात कर चंबा की पांगी घाटी, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कांगड़ा के बड़ा भंगाल और शिमला के डोडरा-क्वार क्षेत्र के लिए स्थायी एयर एम्बुलेंस सेवा मंजूर करने का आग्रह किया। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्री को एक विस्तृत पत्र भी सौंपा।

डॉ. सिकंदर कुमार ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि प्रदेश के कई जनजातीय और दुर्गम इलाके साल में करीब आठ से नौ महीने तक भारी बर्फबारी और प्राकृतिक आपदाओं के कारण प्रभावित रहते हैं। उन्होंने कहा कि पांगी घाटी का मुख्य सड़क मार्ग करीब 14,500 फीट ऊंचे साच पास से होकर गुजरता है, जो लंबे समय तक बंद रहता है। ऐसे समय में गंभीर मरीजों को सड़क मार्ग से 250 से 300 किलोमीटर दूर अस्पतालों तक ले जाना कठिन हो जाता है और कई मामलों में समय पर इलाज नहीं मिल पाता।

उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की कमी है। हृदयाघात, गंभीर सड़क दुर्घटनाओं, गर्भावस्था से जुड़ी जटिलताओं और अन्य आपात स्थितियों में मरीजों को तुरंत बड़े अस्पताल पहुंचाना जरूरी होता है। उनके अनुसार स्थायी एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू होने से ऐसे मरीजों को कम समय में बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

राज्यसभा सांसद ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से आग्रह किया कि हिमाचल प्रदेश के चिन्हित जनजातीय और अति दुर्गम क्षेत्रों के लिए इस सेवा को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दी जाए। उनका कहना था कि इससे हजारों लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा और गंभीर मरीजों को समय पर एयरलिफ्ट कर बड़े अस्पतालों तक पहुंचाया जा सकेगा।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने इस मांग को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस विषय पर हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि यदि स्थायी एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू होती है तो प्रदेश के दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मेडिकल आपात स्थिति के दौरान बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इस विषय पर सकारात्मक आश्वासन देने के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा