हिमाचल की वादियों में सैलानियों का सैलाब, शिमला-मनाली में बढ़ी रौनक

 


शिमला, 14 जून (हि.स.)। जून की भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग इन दिनों हिमाचल प्रदेश के हिल स्टेशनों का रुख कर रहे हैं। राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों शिमला, कुफरी, मनाली, कसौली, अटल टनल और आसपास के क्षेत्रों में सैलानियों का तांता लगा हुआ है। मैदानी इलाकों में पड़ रही गर्मी के बीच हिमाचल की ठंडी वादियां पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। इसके चलते पर्यटन स्थलों पर रौनक बढ़ गई है और होटलों में भी अच्छी बुकिंग दर्ज की जा रही है। वहीं, पर्यटक वाहनों की बढ़ती आवाजाही का असर यातायात व्यवस्था पर भी देखने को मिल रहा है।

राजधानी शिमला में अब तक जून महीने के दौरान पर्यटकों की अच्छी आमद बनी हुई है। इस वीकेंड पर भी बड़ी संख्या में सैलानी शहर पहुंचे। ऐतिहासिक रिज मैदान और माल रोड पर दिनभर पर्यटकों की चहल-पहल रही। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर शिमला के प्रवेश द्वारों के आसपास वाहनों का दबाव बढ़ने से कई जगह यातायात धीमा पड़ा और जाम जैसी स्थिति बनी रही।

शिमला होटलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि जून की पहली तारीख से ही शिमला में अच्छी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों के लिए भी पर्यटकों ने अग्रिम बुकिंग करवाई है और पूरे जून महीने में पर्यटकों की अच्छी मौजूदगी रहने की उम्मीद है। इससे पर्यटन कारोबार को भी गति मिली है।

मनाली में भी पर्यटन सीजन चरम पर है। मनाली, सोलंग घाटी और अटल टनल क्षेत्र में लगातार पर्यटक पहुंच रहे हैं। मनाली से रोहतांग की ओर वाहनों की भारी आवाजाही दर्ज की जा रही है। इससे होटल कारोबारियों, टैक्सी ऑपरेटरों और पर्यटन उद्योग से जुड़े अन्य लोगों को लाभ मिल रहा है।

सोलन जिले के पर्यटन स्थल कसौली में भी पर्यटकों की अच्छी आमद है। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से सबसे अधिक सैलानी हिमाचल पहुंच रहे हैं। मौसम अनुकूल रहने के कारण आने वाले दिनों में भी प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर अच्छी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा