हिमाचल में बर्फबारी से माइनस में पारा, 17–18 अप्रैल को आंधी-बिजली का येलो अलर्ट
शिमला, 12 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अप्रैल के महीने में भी मौसम सर्द बना हुआ है। ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी से तापमान फिर माइनस में पहुंच गया है, जबकि राज्य के कई हिस्सों में बीती रात वर्षा और कुछ स्थानों पर अंधड़ व बिजली गिरने की घटनाएं भी दर्ज की गई हैं। मौसम विभाग ने 17 और 18 अप्रैल को प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और बिजली गिरने की आशंका को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ है और धूप खिली हुई है।
बीती रात अटल टनल रोहतांग, लाहौल स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा जिले के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। लाहौल-स्पीति जिला मुख्यालय केलांग में 2 सेंटीमीटर ताजा हिमपात रिकॉर्ड किया गया, जबकि इसी जिले के गोंदला में 3 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। ताजा हिमपात के कारण केलंग में न्यूनतम तापमान -0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अप्रैल के महीने में ठंड के असर को साफ दिखाता है।
राज्य के अन्य हिस्सों में भी बीती रात कई स्थानों पर वर्षा हुई। सराहन में 25.3 मिलीमीटर, मनाली में 11 मिलीमीटर, कांगड़ा में 10 मिलीमीटर, पालमपुर में 5.2 मिलीमीटर, धर्मशाला में 4.1 मिलीमीटर, कुकुमसेरी में 2.6 मिलीमीटर और चंबा में 1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कांगड़ा और चंबा के जोत क्षेत्र में अंधड़ और बिजली कड़कने की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे कुछ समय के लिए मौसम खराब बना रहा।
रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है। शिमला और मनाली में सुबह से गुनगुनी धूप खिली हुई है, जिससे लोगों को राहत मिली है। वहीं राज्य के निचले क्षेत्रों में धूप निकलने से हल्की गर्मी का अहसास भी होने लगा है। हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जबकि मध्यवर्ती और मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। इसके बाद 13 से 15 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। 16 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से खासकर पर्वतीय इलाकों में वर्षा और बर्फबारी फिर शुरू हो सकती है।
मौसम विभाग ने 17 और 18 अप्रैल को प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इन दिनों 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और ऊंचाई वाले इलाकों में फिर से बर्फबारी के आसार हैं।
इस बीच, प्रदेश में अप्रैल के महीने में भी मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना हुआ है और राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। रविवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री, सुंदरनगर 11.5 डिग्री, भुंतर 7.7 डिग्री, कल्पा 0.6 डिग्री, धर्मशाला 11.2 डिग्री, ऊना 12.0 डिग्री, नाहन 11.9 डिग्री, सोलन 8.5 डिग्री और मनाली में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा