हिमाचल के 1,966 सरकारी स्कूलों में चौकीदार और सफाई कर्मचारी तैनात करने की तैयारी
शिमला, 27 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में सुरक्षा और साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारने के लिए चौकीदारों और सफाई कर्मचारियों की तैनाती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के 1,966 सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों की जिला वार सूची हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) को भेजी है। इन स्कूलों के लिए 1,975 चौकीदार और इतने ही सफाई कर्मचारी अथवा बहुउद्देशीय कर्मियों की आउटसोर्स आधार पर तैनाती की मंजूरी दी गई है।
शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में एचपीएसईडीसी के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर सरकार से स्वीकृत नियमों और शर्तों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। स्कूलों की सूची यूडाइज प्लस पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई है। जिला वार सूची भेजने का उद्देश्य संबंधित स्कूलों में कर्मचारियों की तैनाती की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है।
इस व्यवस्था के तहत चौकीदारों की तैनाती से स्कूल परिसरों की सुरक्षा मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है। वहीं, सफाई कर्मचारियों अथवा बहुउद्देशीय कर्मियों की नियुक्ति से स्कूलों में साफ-सफाई और रोजमर्रा के रखरखाव से जुड़े कामों को व्यवस्थित करने में सहायता मिलेगी। सरकारी स्कूलों में शिक्षण कार्य के साथ परिसर की देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है।
शिक्षा निदेशालय ने इससे पहले 13 अगस्त 2026 को भी एचपीएसईडीसी को पत्र भेजा था। उस पत्र में 1,975 चौकीदारों और इतने ही सफाई कर्मचारियों अथवा बहुउद्देशीय कर्मियों की तैनाती के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया था। अब निदेशालय ने 1,966 सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों की जिला वार सूची भेजकर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा