हिमाचल प्रदेश में स्कूली खिलाड़ियों की डाइट मनी बढ़ी, अब रोजाना मिलेंगे 250 रुपये

 


शिमला, 14 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में स्कूली खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले अंडर-19 तक के खिलाड़ियों को अब खानपान के लिए प्रतिदिन 250 रुपये मिलेंगे। राज्य सरकार ने खिलाड़ियों की डाइट मनी में बदलाव करते हुए सभी आयु वर्गों के लिए एक समान दर निर्धारित की है। इससे अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों को सबसे अधिक राहत मिलेगी। उन्हें अब तक प्रतिदिन 120 रुपये मिलते थे। नई व्यवस्था के तहत उनकी डाइट मनी में 130 रुपये प्रतिदिन की बढ़ोतरी होगी। यह दर जिला और राज्य स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के साथ स्वीकृत प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेने वाले अंडर-14 से अंडर-19 तक के खिलाड़ियों पर लागू होगी। स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

नई व्यवस्था से पहले अंडर-14 वर्ग के खिलाड़ियों को प्रतिदिन 250 रुपये डाइट मनी दी जा रही थी, जबकि अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों को केवल 120 रुपये मिलते थे। इस तरह कम उम्र के खिलाड़ियों और वरिष्ठ आयु वर्ग के खिलाड़ियों को मिलने वाली राशि में 130 रुपये का अंतर था। अब सरकार ने इस अंतर को समाप्त करते हुए दोनों आयु वर्गों सहित अंडर-14 से अंडर-19 तक के खिलाड़ियों के लिए प्रतिदिन 250 रुपये की दर तय की है। यह बदलाव मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप किया गया है।

खेल प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण शिविरों के दौरान खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करना पड़ता है। ऐसे में शरीर की ऊर्जा बनाए रखने और अभ्यास के बाद मांसपेशियों की रिकवरी के लिए पर्याप्त पोषण जरूरी होता है। दूध, फल, दालें और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ खिलाड़ियों के आहार का अहम हिस्सा हैं। डाइट मनी बढ़ने से खिलाड़ियों को अपने खानपान पर खर्च करने के लिए अधिक राशि मिलेगी और वे जरूरत के अनुसार पौष्टिक भोजन चुन सकेंगे।

सरकार के इस कदम का उद्देश्य स्कूली खिलाड़ियों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने और अलग-अलग आयु वर्गों के बीच डाइट मनी की असमानता दूर करना है। खासकर अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों को अब पहले के मुकाबले अधिक आर्थिक सहायता मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा