राज्यसभा चुनाव : बाहरी उम्मीदवार नहीं उतारेगी कांग्रेस, शांत रुख रखेगी भाजपा
शिमला, 04 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संकेत दिया है कि इस बार पार्टी बाहरी राज्य से उम्मीदवार नहीं उतारेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने साफ कहा है कि कांग्रेस का राज्यसभा उम्मीदवार हिमाचल प्रदेश से ही होगा। उनके इस बयान को पिछले चुनाव के अनुभवों के बाद अहम माना जा रहा है।
5 मार्च को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है और कांग्रेस ने अभी तक औपचारिक रूप से उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है। हालांकि मुख्यमंत्री सुक्खू ने आज होली कार्यक्रम के दौरान कहा कि पार्टी कल नामांकन दाखिल करेगी और उसी समय उम्मीदवार का नाम सार्वजनिक कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस का उम्मीदवार हिमाचल से ही होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार पूरी सतर्कता के साथ कदम बढ़ा रही है और किसी को भी लोकतंत्र को प्रभावित करने का मौका नहीं दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इशारों में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कोई पिछली बार जैसी स्थिति की उम्मीद कर रहा है तो कांग्रेस लोकतंत्र को बिकने नहीं देगी। उनके इस बयान को 2024 के राज्यसभा चुनाव की पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है, जब क्रॉस वोटिंग ने राजनीतिक समीकरण बदल दिए थे।
राजनीतिक गलियारों में वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह समेत कई नाम संभावित उम्मीदवारों की चर्चा में हैं, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने अभी तक किसी नाम की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में नामांकन से ठीक पहले तक सस्पेंस बना हुआ है।
उधर, नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने कहा कि भाजपा इस बार “शरारत करने के मूड में नहीं” है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल को पहले अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और देखना होगा कि वह किसे मैदान में उतारती है।
गौरतलब है कि 2024 के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस ने अभिषेक मनु सिंघवी को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन क्रॉस वोटिंग के चलते भाजपा के हर्ष महाजन जीत गए थे। उसी अनुभव के कारण माना जा रहा है कि कांग्रेस इस बार फूंक-फूंक कर कदम रख रही है और स्थानीय चेहरे पर दांव लगाने की रणनीति अपना रही है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार हिमाचल में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 16 मार्च को होगा और उसी दिन नतीजे भी घोषित किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा