हिमाचल में 19 जून तक आंधी-बारिश का अलर्ट, एक हफ्ते में मानसून की दस्तक
शिमला, 16 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। एक ओर आंधी, गरज और बारिश का दौर लोगों को भीषण गर्मी से राहत दे रहा है, वहीं दूसरी ओर ओलावृष्टि बागवानों और किसानों की चिंता बढ़ा रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 19 जून तक आंधी, बिजली गिरने और वर्षा की चेतावनी जारी की है, जबकि 18 जून को कई इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
हालांकि मंगलवार को शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है और धूप खिली हुई है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार यह राहत अस्थायी है। बुधवार से फिर मौसम करवट लेगा और 18 जून को वर्षा गतिविधियां सबसे अधिक तेज रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 17 जून को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 18 जून को वर्षा का दौर और तेज होगा। इस दिन 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने, बिजली चमकने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। 19 जून को भी कई क्षेत्रों में गरज और तेज हवाओं का असर बना रहेगा। 20 और 21 जून को मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने की संभावना है, जबकि 22 जून को कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 46 मिलीमीटर वर्षा गोहर में हुई। इसके अलावा जोत में 41, कुफरी में 39.6, नगरोटा सूरियां में 35.6, मुरारी देवी में 31.5, पच्छाद में 24, ओलिंडा में 23.4, शिलारू में 18.8, सुंदरनगर में 17.9, कांगड़ा में 16.4 और शिमला में 12.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इसी अवधि में शिमला, जुब्बड़हट्टी, कांगड़ा, सुंदरनगर, कुफरी, जोत और मुरारी देवी में गरज-चमक दर्ज की गई। वहीं शिमला, रामपुर, चौपाल, किन्नौर और मंडी के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की घटनाएं सामने आईं। सोमवार शाम को शिमला और ऊपरी शिमला के कई इलाकों में तेज ओलावृष्टि हुई, जिससे सेब, मटर और अन्य मौसमी सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचा है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार की सुबह प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री, केलंग में 7.4, कल्पा में 8.6, कुफरी में 10.1, ताबो में 11.3, बरमौर में 12.0, मनाली में 12.2, सेओबाग में 13.7, शिमला और सोलन में 15.2, भुंतर में 15.5, सुंदरनगर में 16.1, धर्मशाला में 16.9, पालमपुर में 17.0, चंबा में 17.6, मंडी और सराहन में 17.7, जुब्बड़हट्टी व नाहन में 18.0 और 18.3, कांगड़ा में 18.5, बिलासपुर में 21.0, नेरी में 21.2, पांवटा साहिब में 24.0 तथा देहरा गोपीपुर में 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक को लेकर भी निगाहें टिकी हैं। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार मानसून की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि मानसून के हिमाचल पहुंचने का सटीक पूर्वानुमान उसके आगमन से लगभग तीन दिन पहले ही दिया जा सकता है। सामान्य तौर पर मानसून 22 जून के आसपास शिमला पहुंचता है, जबकि 25 जून तक पूरे प्रदेश को कवर कर लेता है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अगले एक सप्ताह के भीतर मानसून की दस्तक की संभावना बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा