हिमाचल में पांच पुलिस अधिकारियों के तबादले, एक तबादला आदेश रद्द
शिमला, 27 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में पांच अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही एक अधिकारी का पहले जारी तबादला आदेश रद्द कर दिया गया है। एक अन्य अधिकारी को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। ये सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। ये सभी एचपीएस कैडर के अधिकारी हैं।
सरकार के आदेश के अनुसार शिव राम चौधरी को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक काे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मादक पदार्थ रोधी कार्यबल, कुल्लू नियुक्त किया गया है। इससे पहले उन्हें चौथी भारतीय रिजर्व बटालियन, जंगलबेरी, जिला हमीरपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भेजने का आदेश दिया गया था। अब यह आदेश बदल दिया गया है और उनकी तैनाती कुल्लू में मादक पदार्थ रोधी कार्यबल में की गई है।
योगेश रोल्टा को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला सिरमौर, नाहन के पद से कमांडेंट, होमगार्ड, सोलन नियुक्त किया गया है। इससे पहले उन्हें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मादक पदार्थ रोधी कार्यबल शिमला भेजने का आदेश था। अब उन्हें सोलन में होमगार्ड के कमांडेंट की जिम्मेदारी दी गई है।
मनोज कुमार-द्वितीय को उपमंडल पुलिस अधिकारी, कांगड़ा के पद से उप पुलिस अधीक्षक, द्वितीय भारतीय रिजर्व बटालियन, सकोह, जिला कांगड़ा नियुक्त किया गया है। इससे पहले उन्हें उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय जिला कुल्लू भेजने का आदेश दिया गया था। अब उनकी तैनाती सकोह में की गई है।
रोहित मृगपुरी को द्वितीय भारतीय रिजर्व बटालियन, सकोह जिला कांगड़ा से उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, जिला कुल्लू नियुक्त किया गया है। अब वे जिला कुल्लू में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय की जिम्मेदारी संभालेंगे।
क्षमा दत्त को उपमंडल पुलिस अधिकारी, मनाली, जिला कुल्लू से उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, केलांग, जिला लाहौल-स्पीति नियुक्त किया गया है। इससे पहले उन्हें प्रथम भारतीय रिजर्व बटालियन, बनगढ़, जिला ऊना में उप पुलिस अधीक्षक भेजने का आदेश दिया गया था। अब उनकी तैनाती केलांग में की गई है।
निशा कुमारी का तबादला आदेश रद्द
सरकार ने निशा कुमारी को उप पुलिस अधीक्षक अवकाश रिजर्व, धर्मशाला, जिला कांगड़ा से उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, केलांग, जिला लाहौल-स्पीति भेजने का तबादला आदेश रद्द कर दिया है। इसलिए निशा कुमारी की केलांग में प्रस्तावित तैनाती अब लागू नहीं होगी।
बिन्नी मिन्हास को अतिरिक्त जिम्मेदारी
सरकार ने बिन्नी मिन्हास को राज्य आपदा मोचन बल केंद्र, पालकवाह (हरोली) जिला ऊना में उप पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त कार्यभार दिया है। बिन्नी मिन्हास वर्तमान में पुलिस मुख्यालय शिमला में उप पुलिस अधीक्षक अवकाश रिजर्व हैं। इसके साथ ही वे उपमुख्यमंत्री की सुरक्षा में उप पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात हैं। अब वे अपनी मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ राज्य आपदा मोचन बल केंद्र पालकवाह की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा