इमरजेंसी रिस्पॉन्स में हिमाचल पुलिस देश में फिर नंबर एक, 4 मिनट 4 सेकंड में पहुंची मदद

 


शिमला, 01 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आपात स्थिति में त्वरित मदद पहुंचाने के मामले में देश में एक बार फिर पहला स्थान हासिल किया है। सितंबर 2026 की अखिल भारतीय ईआरएसएस-112 रिस्पॉन्स टाइम रैंकिंग में हिमाचल प्रदेश पुलिस पहले स्थान पर रही। राज्य में पिछले 30 दिनों के दौरान आपातकालीन घटनाओं पर औसत प्रतिक्रिया समय चार मिनट चार सेकंड दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार नवंबर 2025 तक ईआरएसएस-112 की राष्ट्रीय रैंकिंग में हिमाचल प्रदेश 34वें स्थान पर था। इसके बाद प्रतिक्रिया समय में लगातार सुधार हुआ और सितंबर 2026 की नवीनतम राष्ट्रीय रैंकिंग में हिमाचल ने देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है।

पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि इस उपलब्धि में ईआरएसएस-112 के कॉल टेकर, डिस्पैचर, इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल यानी ईआरवी में तैनात कर्मचारी, जिला पुलिसकर्मी और निगरानी करने वाले अधिकारी शामिल हैं। आपात सूचना मिलने के बाद उसे संबंधित क्षेत्र तक तेजी से पहुंचाने, मौके पर पुलिस टीम भेजने और पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी से प्रतिक्रिया समय कम करने में मदद मिली है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार राज्य ईआरएसएस केंद्र, जिलों और फील्ड स्तर पर तैनात पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय, तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल और कामकाज में लगातार निगरानी से आपातकालीन सेवाओं की गति और कार्यक्षमता में सुधार हुआ है। पुलिस का कहना है कि आपात स्थिति में मदद पहुंचाने में बचाया गया हर मिनट किसी व्यक्ति की जान, सुरक्षा या संपत्ति की रक्षा में महत्वपूर्ण हो सकता है।

इस बीच, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल पुलिस की पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से ईआरएसएस-112 के माध्यम से लोगों को दी जा रही सेवा की गुणवत्ता को बनाए रखने और इसमें आगे भी सुधार करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में नंबर एक स्थान हासिल करना उपलब्धि है, लेकिन लगातार बेहतर प्रदर्शन के साथ इस स्थान को बनाए रखना उससे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने ईआरएसएस-112 से जुड़े सभी पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा