हिमाचल में पुलिस कांस्टेबल बनने की दौड़ शुरू, 1.01 लाख अभ्यर्थियों ने किया आवेदन

 


शिमला, 23 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल बनने के लिए 1.01 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। पुलिस कांस्टेबल के 734 (491 पुरुष कांस्टेबल और 243 महिला कांस्टेबल) पदों के लिए ये आवेदन आये हैं।

भर्ती के अगले चरण में अब उनकी शारीरिक क्षमता की परीक्षा शुरू हो गई है। प्रदेश के सभी जिलों में शारीरिक मानक परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा 22 अक्टूबर 2026 से 5 दिसंबर 2026 तक चरणबद्ध तरीके से आयोजित की जा रही है।

प्रदेश पुलिस के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

प्रवक्ता ने बताया कि कांस्टेबल भर्ती के लिए कुल 1,01,062 आवेदन मिले हैं। इनमें 72,586 पुरुष और 28,476 महिला अभ्यर्थी हैं। भर्ती हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से 10 जुलाई 2026 को जारी विज्ञापन संख्या 57/7-2026 के तहत करवाई जा रही है। इसके लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग (कांस्टेबल भर्ती) नियम, 2024 लागू होंगे।

शारीरिक परीक्षण की शुरुआत 22 अक्टूबर को किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों से हुई। किन्नौर में टापरी के छोल्टू मैदान में होने वाले परीक्षण के लिए 620 पुरुष और 356 महिला अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। लाहौल-स्पीति में 198 पुरुष और 123 महिला अभ्यर्थियों को परीक्षण के लिए बुलाया गया है।

पुलिस विभाग ने निर्धारित परीक्षा स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। भर्ती प्रक्रिया तय कार्यक्रम और नियमों के अनुसार करवाई जा रही है। पुलिस महानिदेशक अशोक तेवारी ने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी पात्र अभ्यर्थियों को अपनी योग्यता और शारीरिक दक्षता साबित करने का समान अवसर दिया जाएगा।

उन्होंने अभ्यर्थियों से अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ परीक्षण में शामिल होने तथा हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अभ्यर्थियों को अपने कॉल लेटर में दी गई तारीख, समय और परीक्षा स्थल के अनुसार पहुंचना होगा। भर्ती का विस्तृत कार्यक्रम और आवश्यक निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा