हिमाचल पंचायत चुनाव: दोपहर 1 बजे तक 63 फीसदी मतदान, मुकेश, अनुराग और सिकंदर ने डाला वोट
शिमला, 28 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में गुरुवार को लोकतंत्र का उत्साह पूरे प्रदेश में देखने को मिला। प्रचंड गर्मी के बीच सुबह 7 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया में दोपहर 1 बजे तक प्रदेशभर में करीब 63 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। खास बात यह रही कि युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग मतदाताओं ने भी पूरे जोश के साथ मतदान में हिस्सा लिया। कई शतकवीर मतदाता भी मतदान केंद्रों तक पहुंचे और लोकतंत्र के प्रति अपनी मजबूत आस्था दिखाई।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह 9 बजे तक 21 फीसदी और 11 बजे तक 43 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया था। इसके बाद दोपहर तक मतदान में तेजी आई और 1 बजे तक आंकड़ा 63 फीसदी तक पहुंच गया। प्रदेश की 1276 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी है। इससे पहले पहले चरण के पंचायत चुनाव में 78.90 फीसदी मतदान हुआ था। तीसरे और अंतिम चरण का मतदान 30 मई को होगा।
अगर जिलावार मतदान प्रतिशत पर नजर डालें तो सिरमौर जिला सबसे आगे रहा, जहां दोपहर 1 बजे तक 71 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद सोलन में 69 फीसदी मतदान हुआ। ऊना, कुल्लू और शिमला जिलों में 65-65 फीसदी वोट पड़े। मंडी में 63 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया। वहीं किन्नौर, कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर में 61-61 फीसदी मतदान हुआ। चंबा और लाहौल-स्पीति जिलों में 55-55 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
चुनाव के दौरान प्रदेशभर में कई प्रेरणादायक तस्वीरें भी सामने आईं। शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र की ब्रासली पंचायत में 110 वर्षीय सुरतु देवी मतदान करने पहुंचीं। वहीं रोहड़ू की ही ग्राम पंचायत शील में 100 वर्षीय महिला मतदाता ने भी मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था जताई। शिमला जिला के दीयूदी मायला पंचायत के मतदान केंद्र जीपीएस मायला में 107 वर्षीय वरिष्ठ मतदाता बाला देई ने भी मतदान किया। उनके मतदान केंद्र पहुंचने पर लोगों ने उनका स्वागत किया। अधिकारियों के अनुसार, उनकी भागीदारी ने अन्य मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित किया।
हमीरपुर जिले में भी लोकतंत्र के इस उत्सव की खास तस्वीर देखने को मिली। सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने नादौन विधानसभा क्षेत्र के अपने गृह क्षेत्र ढगो स्थित बूथ नंबर-84 में अपनी 104 वर्षीय मां के साथ मतदान किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का एक वोट ही है। उन्होंने कहा कि सभी मतदाताओं को अपने अधिकार और कर्तव्य का पालन करते हुए मतदान जरूर करना चाहिए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने भी परिवार सहित हमीरपुर के समीरपुर बूथ में मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पंचायती राज व्यवस्था का बहुत बड़ा महत्व है और लोगों को बढ़-चढ़कर चुनाव में भाग लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि एसआईआर लागू होने के बाद चुनाव नतीजों में पारदर्शिता आई है।
उधर, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना जिले की अपनी गृह पंचायत गोन्दपुर जयचंद में मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने लोगों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान करने की अपील की।
प्रदेश में दूसरे चरण के तहत आज प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए मतदान हो रहा है। इन पदों के नतीजे देर शाम तक आने शुरू हो जाएंगे, जबकि बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों के परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनाव को लेकर ग्रामीण इलाकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है और कई मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा