870 पीईटी पदों की भर्ती में तेजी लाए सरकार, 355 बैचवाइज पदों का परिणाम जल्द हो घोषित : संघ

 

शिमला, 10 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में शारीरिक शिक्षा अध्यापक (पीईटी) के 870 पदों की भर्ती को लेकर बेरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ ने सरकार से प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है। संघ ने 355 बैचवाइज पदों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर जल्द परिणाम घोषित करने का आग्रह किया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष शशि ठाकुर की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर अपनी मांगों का प्रस्ताव सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से कहा कि लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे पात्र अभ्यर्थियों को राहत देने के लिए भर्ती प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाना चाहिए। संघ के अनुसार, बैचवाइज भर्ती में देरी के कारण बेरोजगार शारीरिक शिक्षकों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने और परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करवाने का आग्रह किया।

संघ ने न्यायालय में विचाराधीन बैकलॉग पदों का मामला भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि बैकलॉग पदों से संबंधित न्यायिक मामला उन पदों से अलग है, जो इस श्रेणी में शामिल नहीं हैं। ऐसे में न्यायालय में विचाराधीन बैकलॉग पदों को फिलहाल अलग रखकर गैर-बैकलॉग पदों की भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जानी चाहिए।

संघ के अनुसार इससे उन अभ्यर्थियों की नियुक्ति का रास्ता खुल सकता है, जिनके पद न्यायालय में लंबित मामले से प्रभावित नहीं हैं। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता देने और पात्र अभ्यर्थियों के हित में जल्द कदम उठाने की मांग की।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष शशि ठाकुर ने कहा कि लंबे समय से नियुक्ति की उम्मीद लगाए बैठे अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार को शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। संघ ने उम्मीद जताई कि सरकार और संबंधित विभाग 355 बैचवाइज पदों की भर्ती प्रक्रिया पूरी करने और परिणाम घोषित करने के लिए जल्द कार्रवाई करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा