हिमाचल में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान कल, 1276 पंचायतों में 17.30 लाख मतदाता डालेंगे वोट

 


शिमला, 27 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में वीरवार को 1276 पंचायतों में मतदान होगा, जहां 17.30 लाख से अधिक मतदाता गांव की नई सरकार चुनेंगे। पिछले कई दिनों से गांवों की चौपालों, घर-घर जनसंपर्क और छोटी-बड़ी बैठकों के जरिए वोट मांग रहे उम्मीदवारों ने प्रचार के आखिरी दिन पूरी ताकत झोंक दी। अब कल सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा, जो शाम 3 बजे तक चलेगा।

मतदान खत्म होने के बाद संबंधित पंचायतों में ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी। देर रात तक पंचायत वार्ड सदस्य, उपप्रधान और प्रधान पदों के नतीजे आने शुरू हो जाएंगे। वहीं पंचायत समिति और जिला परिषद के लिए डाले गए वोटों की गिनती 31 मई को होगी। उसी दिन इन पदों के विजेताओं की आधिकारिक घोषणा भी की जाएगी।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार दूसरे चरण में कुल 17 लाख 30 हज़ार 30 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 8 लाख 74 हज़ार 416 पुरुष, 8 लाख 55,ल हज़ार 597 महिला और 17 अन्य मतदाता शामिल हैं। कांगड़ा जिला में सबसे अधिक 3 लाख 95 हज़ार 856 मतदाता वोट डालेंगे, जबकि लाहौल-स्पीति में सबसे कम 8 हज़ार 875 मतदाता मतदान करेंगे।

प्रदेशभर में करीब सात हजार मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान दल अपने-अपने क्षेत्रों के लिए रवाना हो चुके हैं और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

इस बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने चंबा जिले के तीसा विकासखंड की ग्राम पंचायत समवाल के वार्ड नंबर-2 में मतदान स्थगित कर दिया है। आयोग के अनुसार यहां पीठासीन अधिकारी ने कुछ मतदाताओं को साथी के साथ मतदान करने की अनुमति दी, लेकिन नियमानुसार आवश्यक घोषणा पत्र नहीं भरवाया गया। इसी वजह से इस वार्ड में अब 30 मई को मतदान होगा और मतगणना 31 मई को करवाई जाएगी।

इसके अलावा सिरमौर जिले के पच्छाद विकासखंड की ग्राम पंचायत बनाह-धीनी में जिला परिषद चुनाव की मतपेटी गलती से पंचायत चुनाव की मतपेटी के साथ बदल गई थी। इस कारण मतगणना रोकनी पड़ी थी। बाद में पुलिस सुरक्षा के बीच बुधवार को यहां मतगणना पूरी करवाई गई।

प्रदेश में 26 मई को हुए पहले चरण के मतदान में भी लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला था। पहले चरण में 1293 पंचायतों में मतदान हुआ था, जहां कुल 18,22,636 मतदाताओं में से 14,25,338 लोगों ने वोट डाले। प्रदेशभर में पहले चरण में मतदान 78.90 फीसदी दर्ज किया गया, जो पिछली पंचायत चुनाव की तुलना में करीब एक फीसदी अधिक रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा