मानसून सत्र से पहले सजेगा हिमाचल विधानसभा परिसर, रोशनी से जगमगाएगा विधान मंडल भवन

 


शिमला, 18 अगस्त (हि.स.)। शिमला में 21 अगस्त से शुरू होने जा रहे हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले ऐतिहासिक विधान मंडल भवन को नए स्वरूप में सजाने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सत्र के दौरान विधानसभा परिसर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता नजर आएगा और पहाड़ों की रानी शिमला में स्थित यह ऐतिहासिक भवन आकर्षण का केंद्र बनेगा।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से 3 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान सदन की कुल 10 बैठकें प्रस्तावित हैं। राज्य के कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर सत्र के हंगामेदार रहने के पूरे आसार हैं। सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी भाजपा के बीच विभिन्न राजनीतिक और जनहित के मुद्दों पर तीखी नोंकझोंक देखने को मिल सकती है।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने मंगलवार को कहा कि विधानसभा भवन की सुंदरता को और निखारने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान पूरा परिसर रंगीन रोशनी से सुसज्जित रहेगा। उनके अनुसार रोशनी से जगमगाता यह भवन अपनी ऐतिहासिक पहचान के साथ एक अलग छवि प्रस्तुत करेगा।

पठानिया ने कहा कि विधानसभा परिसर का काउंसिल चैम्बर प्रदेश की एक महत्वपूर्ण धरोहर है और इसे सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि इस भवन का निर्माण तत्कालीन ब्रिटिश शासन के दौरान वर्ष 1920 में शुरू हुआ था और पांच वर्षों बाद वर्ष 1925 में यह बनकर तैयार हुआ। इसी भवन में पहली केंद्रीय असेंबली की बैठक हुई थी, जिसके प्रथम निर्वाचित अध्यक्ष विठ्ठल भाई पटेल थे।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में विधानसभा परिसर में काउंसिल चैम्बर, विठ्ठल भाई भवन, प्रशासनिक भवन और डॉ. यशवंत सिंह परमार पुस्तकालय भवन सहित चार प्रमुख भवन मौजूद हैं। इन सभी भवनों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का कार्य अंतिम चरण में है। विधानसभा अध्यक्ष ने लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि सत्र शुरू होने से एक दिन पहले सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं।

मानसून सत्र की तैयारियों का जिक्र करते हुए पठानिया ने कहा कि विधानसभा सचिवालय पूरी तरह तैयार है। कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन तथा राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें की जा चुकी हैं। संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विधानसभा अध्यक्ष के आदेशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान विधायकों, अधिकारियों, आगंतुकों और सदन की कार्यवाही देखने आने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विधानसभा परिसर में एंबुलेंस, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ भी तैनात रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा