हिमाचल में आज आएंगे चार नगर निगमों और जिला परिषद-पंचायत समिति चुनावों के नतीजे
शिमला, 31 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब लोगों की निगाहें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। रविवार को राज्य के चार नगर निगमों के साथ-साथ जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव नतीजे घोषित किए जाएंगे। प्रदेश भर के 92 विकास खंडों और चारों नगर निगम मुख्यालयों में सुबह 9 बजे से मतगणना शुरू होगी।
राज्य चुनाव आयोग ने मतगणना को लेकर सुरक्षा और पारदर्शिता के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न होगी और मतगणना केंद्रों पर केवल विशेष पास धारकों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
इस बार सबसे अधिक राजनीतिक नजरें धर्मशाला, पालमपुर, सोलन और मंडी नगर निगमों के चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं। इन चारों नगर निगमों में 17 मई को राजनीतिक दलों के चुनाव चिन्हों पर ईवीएम के माध्यम से मतदान कराया गया था। भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए ये चुनाव प्रतिष्ठा का विषय बने हुए हैं क्योंकि कई वरिष्ठ नेताओं को इन नगर निगमों में चुनावी जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। ऐसे में नतीजों को दोनों दलों की स्थानीय राजनीतिक ताकत और संगठनात्मक क्षमता की परीक्षा के रूप में भी देखा जा रहा है। पिछले नगर निगम चुनावों में धर्मशाला और मंडी में भाजपा ने जीत हासिल की थी, जबकि सोलन और पालमपुर में कांग्रेस को सफलता मिली थी।
धर्मशाला और सोलन नगर निगम में 17-17 वार्ड हैं, जबकि पालमपुर और मंडी में क्रमशः 15 और 14 वार्ड शामिल हैं। ईवीएम से मतदान होने के कारण इन चारों नगर निगमों के परिणाम अपेक्षाकृत जल्दी आने की संभावना है और सुबह 11 बजे तक अधिकांश वार्डों के नतीजे सामने आ सकते हैं।
दूसरी ओर 1769 पंचायत समिति और 251 जिला परिषद सदस्यों के चुनावों की मतगणना प्रदेश के सभी 92 ब्लॉकों में होगी। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मतगणना में शामिल कर्मचारियों और प्रत्याशियों के अधिकृत एजेंटों को विशेष पास जारी किए गए हैं। बिना पास किसी भी व्यक्ति को मतगणना केंद्र से 100 मीटर के दायरे में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। आयोग ने सभी उपायुक्तों को मतगणना केंद्रों के आसपास पर्याप्त प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ताकि परिणाम प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।
मतगणना की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। सबसे पहले पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गिनती शुरू होगी, जिसके बाद जिला परिषद सीटों की मतगणना की जाएगी। प्रत्येक ब्लॉक में इस कार्य के लिए करीब 50 से अधिक कर्मचारियों की तैनाती की गई है। मतगणना शुरू होने से पहले सीलबंद मतपेटियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खोला जाएगा।
इसके बाद पंचायतवार मतों को अलग-अलग किया जाएगा और कुल पड़े मतों का मिलान करने के बाद गिनती शुरू होगी। परिणाम तैयार होने के बाद उन्हें अंतिम अनुमोदन के लिए संबंधित उपायुक्तों को भेजा जाएगा और उनकी मंजूरी के बाद आधिकारिक घोषणा की जाएगी। जिला परिषद चुनावों के अधिकांश परिणाम दोपहर बाद आने शुरू होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा