हिमाचल के 27 कॉलेजों में शुरू होंगे रोजगार से जुड़े नए डिग्री कोर्स, पढ़ाई के साथ मिलेगा प्रशिक्षण

 


शिमला, 18 जून (हि.स.)। कॉलेज में पढ़ाई के साथ नौकरी का अनुभव भी मिलेगा। हिमाचल प्रदेश के हजारों छात्रों के लिए इस शैक्षणिक सत्र से उच्च शिक्षा का स्वरूप कुछ बदलने जा रहा है। अब कई कॉलेजों में छात्र केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि पढ़ाई के दौरान ही उद्योगों से जुड़ा व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त करेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रदेश के 27 सरकारी और अनुदान प्राप्त कॉलेजों में एप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम (एईडीपी) शुरू करने का निर्णय लिया है।

उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ. हरीश कुमार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार बी.कॉम के तहत कई रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इनमें ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स, रिटेल ऑपरेशन मैनेजमेंट, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा तथा मानव संसाधन संचालन जैसे कोर्स शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, उन्हें रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुरूप कौशल और अनुभव से भी लैस करना है।

शिमला जिले के राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान में रिटेल ऑपरेशन मैनेजमेंट और लॉजिस्टिक्स, राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला में ई-कॉमर्स और मानव संसाधन संचालन, राजकीय महाविद्यालय ठियोग में ई-कॉमर्स, राजकीय महाविद्यालय रामपुर में बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा तथा राजकीय महाविद्यालय संजौली और सरस्वती नगर में भी बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा के पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

हमीरपुर जिले के राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा और ई-कॉमर्स, राजकीय महाविद्यालय बरसर में लॉजिस्टिक्स तथा राजकीय महाविद्यालय भोरंज में रिटेल ऑपरेशन मैनेजमेंट का कोर्स शुरू होगा।

बिलासपुर जिले के राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा और मानव संसाधन संचालन, जबकि राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में ई-कॉमर्स का पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा।

मंडी जिले के राजकीय महाविद्यालय मंडी में बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा, राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट में लॉजिस्टिक्स, राजकीय महाविद्यालय जोगिंद्रनगर में बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा और रिटेल ऑपरेशन मैनेजमेंट तथा राजकीय महाविद्यालय करसोग में ई-कॉमर्स का कोर्स शुरू होगा।

सोलन जिले के राजकीय महाविद्यालय अर्की और नालागढ़ में लॉजिस्टिक्स, ऊना जिले के राजकीय महाविद्यालय ऊना में रिटेल ऑपरेशन मैनेजमेंट और लॉजिस्टिक्स, कुल्लू जिले के राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा तथा सिरमौर जिले के राजकीय महाविद्यालय नाहन में बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा और रिटेल ऑपरेशन मैनेजमेंट का पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा।

कांगड़ा जिले के राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में लॉजिस्टिक्स, राजकीय महाविद्यालय धलियारा में बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा, राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां में बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा और लॉजिस्टिक्स, राजकीय महाविद्यालय पालमपुर में रिटेल ऑपरेशन मैनेजमेंट तथा राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा और मानव संसाधन संचालन के कोर्स शुरू होंगे। चंबा जिले के राजकीय महाविद्यालय चंबा में बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा का पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा शिमला स्थित सेंट बेड्स महाविद्यालय में भी बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा का कोर्स शुरू होगा।

उच्च शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा