किसानों की आय बढ़ाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही एचपी शिवा परियोजना: जगत सिंह नेगी

 


मंडी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उद्यान, राजस्व, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज गोहर उपमंडल के बाढू में लगभग एक करोड़ 54 लाख की विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन किए।

उन्होंने गोहर के उद्यान विस्तार केंद्र बाढू में लगभग 52 लाख रूपये से नवनिर्मित उद्यान प्रसार अधिकारी कार्यालय-सह-आवासीय भवन, फल संतति और प्रदर्शनी बाग़ मधान में 66 लाख की रुपए की लागत से नवनिर्मित उद्यान प्रसार अधिकारी कार्यालय-सह-आवासीय भवनों तथा करीब 36 लाख रुपए की लागत से निर्मित पौध स्वास्थ्य केंद्र सुंदरनगर का उद्घाटन किया।

बाढू में जनसभा को संबोधित करते हुए बागवानी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की एचपी शिवा परियोजना प्रदेश में बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि करने की दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। परियोजना के अंतर्गत क्षेत्र की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं। आम, अमरूद, लीची, संतरा तथा अन्य उपोष्णकटिबंधीय फलों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। बागवानों को प्रोत्साहित करने और बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत पिछले तीन वर्षों में लगभग 190.67 लाख रुपये की अनुदान राशि खर्च की गई है। इससे गोहर ब्लॉक के 497 बागवान लाभान्वित हुए हैं। सरकार के प्रोत्साहन एवं किसानों की मेहनत से क्षेत्र में फल उत्पादन लगभग चार हजार मीट्रिक टन तक पहुंच चुका है।

गोहर ब्लॉक में एचपी शिवा परियोजना के अंतर्गत लगभग 24.2 हेक्टेयर क्षेत्र में प्लम एवं जापानी फल के चार क्लस्टर विकसित किए गए हैं। इनमें मंझोग धनियुत, बागा चलौग, मंझागन चूड़ारा तथा लटोगली शामिल हैं। इन क्लस्टरों के माध्यम से कुल 146 लाभार्थियों को लाभ मिला है।

इन क्लस्टरों में पौधरोपण, भूमि विकास, सौर बाड़बंदी और टपक सिंचाई जैसी विभिन्न गतिविधियों पर 3.46 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा