हिमाचल प्रदेश में लू से मिलेगी राहत, अगले छह दिन आंधी-बारिश का अलर्ट
शिमला, 10 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। खासकर निचले और मैदानी इलाकों में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। ऊना में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज से ज्यादा, जबकि कई अन्य जिलों में भी पारा 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। तेज धूप के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है और लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। जो निकल रहे हैं, वे छातों और सिर ढककर धूप से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।
मौसम विभाग ने आज भी कुछ स्थानों पर लू चलने की चेतावनी जारी की है। इसके बाद कल से मौसम बदलेगा और कई जगह आंधी, तेज़ वर्षा व ओलावृष्टि होगी, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। 11 से 16 जून तक मौसम खराब रहेगा।
गर्मी का असर केवल दिनों तक सीमित नहीं है, रातें भी सामान्य से ज्यादा गर्म हो गई हैं। हिल स्टेशनों में भी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। शिमला का न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है। मनाली में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा है। उपलब्ध न्यूनतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार पांवटा साहिब 29.0, देहरा गोपीपुर 26.0, बिलासपुर 25.5, नेरी 24.0, मंडी 22.1, जुब्बड़हट्टी 22.0, कांगड़ा 21.6, ऊना 21.2, सुंदरनगर और बरठीं 20.6, शिमला 19.4, सोलन 19.0, धर्मशाला 18.8, नाहन 18.3, पालमपुर 17.0, भुंतर 16.9, चंबा 16.5, सराहन 15.6, सिओबाग 14.6, मनाली 14.5, भरमौर 14.0, कुफरी 13.7, कल्पा 8.6, ताबो 7.1, कुकुमसेरी 6.6 और केलांग में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने से लोगों को रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही।
हालांकि अब राहत की उम्मीद दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव आएगा। विभाग का अनुमान है कि 11 और 12 जून को इसका सबसे अधिक असर देखने को मिलेगा। इन दो दिनों के लिए कई क्षेत्रों में येलो और कुछ स्थानों पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 11 जून को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और वर्षा हो सकती है। 12 जून को भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा तथा कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 13 जून को भी कई क्षेत्रों में तेज हवाओं और गर्जन के साथ बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। 14 जून को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और छिटपुट वर्षा की संभावना है। 15 और 16 जून को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी रह सकता है। विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से तापमान में गिरावट आएगी और पिछले कई दिनों से झुलसा रही गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा