हिमाचल में लू का अलर्ट, 15 से बरसेंगे बादल, अंधड़ और बिजली कड़कने की चेतावनी

 


शिमला, 13 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ इलाकों में आज व कल लू चलने की चेतावनी दी है, वहीं 15 मार्च से मौसम के बदलने और बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक 15 और 16 मार्च को कई जगहों पर अंधड़ के साथ बिजली कड़कने की आशंका है और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अनुमान है कि प्रदेश में 20 मार्च तक मौसम का मिजाज पूरी तरह स्थिर नहीं रहेगा और बीच-बीच में बादल, बारिश और तेज हवाओं का दौर बना रह सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक शोभित कटियार ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत की ओर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसका असर हिमाचल प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। इसी वजह से 15 मार्च से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है। 15 और 16 मार्च को राज्य के कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की गई है। उन्होंने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

इससे पहले बीते 24 घंटों के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम का असर दिखाई दिया। लाहौल-स्पीति के हंसा में 10 सेंटीमीटर और कोकसर में करीब 4 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई।

इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश भी रिकॉर्ड की गई। आज भी राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। विभाग ने आज ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मध्यवर्ती और मैदानी क्षेत्रों में मौसम आमतौर पर साफ रहने की उम्मीद है।

हालांकि साफ मौसम के कारण मैदानी इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है और कुछ जगहों पर लू जैसे हालात बनने की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि लोगों को तेज धूप और बढ़ते तापमान से बचाव के लिए सतर्क रहने की जरूरत है।

तापमान की बात करें तो शुक्रवार को कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। शिमला में अधिकतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सुंदरनगर में 10.7, भुंतर में 8.1, कल्पा में 1.6, धर्मशाला में 12.6, ऊना में 12.6 और नाहन में 16.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा पालमपुर में 12.0, सोलन में 10.2, मनाली में 10.7, कांगड़ा में 12.9 और मंडी में 11.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बिलासपुर में 13.5, जुब्बड़हट्टी में 13.4, कुकुमसेरी में 2.9, ताबो में माइनस 2.6, कसौली में 14.2, पांवटा साहिब में 18.0 और देहरा गोपीपुर में 16.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा