हिमाचल में 9-10 जून को लू का अलर्ट, 11 जून से बारिश-आंधी की चेतावनी

 


शिमला, 07 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अब जून की तपिश ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने ताजा पूर्वानुमान में राज्य के तीन जिलों ऊना, बिलासपुर और सोलन के लिए 9 और 10 जून को लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही संकेत दिए हैं कि गर्मी का यह दौर ज्यादा लंबा नहीं रहेगा। 11 और 12 जून को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है और बारिश, आंधी व बिजली गिरने की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। साफ आसमान और तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है। पिछले दो दिनों से राज्य के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर तेजी से बढ़ा है और कई इलाकों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। रविवार को भी राजधानी शिमला सहित अधिकांश क्षेत्रों में तेज धूप खिली रही और सामान्य दिनों की तुलना में अधिक गर्मी महसूस की गई।

ऊना, बिलासपुर और सोलन में लू का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने अपने ताजा बुलेटिन में 9 और 10 जून को ऊना, बिलासपुर और सोलन जिलों में लू चलने की संभावना जताई है। इसी के मद्देनजर इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि लगातार शुष्क मौसम और बढ़ते तापमान के कारण लोगों को गर्मी से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

हालांकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान बढ़ने की संभावना है, लेकिन लू की स्थिति सबसे अधिक इन्हीं तीन जिलों में बनने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

11-12 जून को बदलेगा मौसम, 10 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

गर्मी के इस दौर के बाद मौसम में बदलाव के संकेत भी मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 जून को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर समेत शेष 10 जिलों के लिए आंधी, बारिश और बिजली कड़कने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन दो दिनों के दौरान कई स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। विभाग का अनुमान है कि 13 जून से मौसम फिर सामान्य हो सकता है।

रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक दर्ज न्यूनतम तापमान के आंकड़ों में पांवटा साहिब सबसे गर्म रहा, जहां न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद देहरा गोपीपुर 24.0 डिग्री, बिलासपुर 23.0 डिग्री, नेरी 22.1 डिग्री, ऊना और जुब्बड़हट्टी 20.2-20.2 डिग्री, कांगड़ा 19.1 डिग्री, मंडी 18.9 डिग्री, धर्मशाला 18.5 डिग्री, नाहन 18.4 डिग्री, सुंदरनगर 17.5 डिग्री, शिमला 17.2 डिग्री, पालमपुर और बरठीं 17.0-17.0 डिग्री, सराहन 16.6 डिग्री, सोलन 15.5 डिग्री, चंबा 15.4 डिग्री, भुंतर 14.9 डिग्री, सेओबाग 14.8 डिग्री, कुफरी 12.2 डिग्री, मनाली 11.9 डिग्री, कल्पा 8.4 डिग्री, केलांग 5.7 डिग्री, कुकुमसेरी 5.6 डिग्री और ताबो में 5.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में केवल छिटपुट वर्षा रिकॉर्ड हुई। कांगड़ा में 1.2 मिलीमीटर और बरठीं में 1.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा