हिमाचल उच्च न्यायालय के नए रजिस्ट्रार जनरल बने विकास भारद्वाज
शिमला, 27 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में विकास भारद्वाज को नया रजिस्ट्रार जनरल नियुक्त किया गया है। उच्च न्यायालय के अनुसार उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। भारद्वाज अक्टूबर 2024 से उच्च न्यायालय में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) के पद पर सेवाएं दे रहे थे।
विकास भारद्वाज ने हिमाचल प्रदेश उच्चतर न्यायिक सेवा परीक्षा-2014 में पहला स्थान हासिल किया था। इसके बाद सितंबर 2014 में उन्हें अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया। न्यायिक सेवा के दौरान उन्होंने ऊना में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश-द्वितीय और घुमारवीं में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
इसके बाद भारद्वाज ने हमीरपुर और कुल्लू में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दीं। दिसंबर 2018 में उन्हें हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में रजिस्ट्रार (न्यायिक) के पद पर तैनात किया गया। इसके बाद 16 अक्टूबर 2024 से वह उच्च न्यायालय में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) के पद पर कार्यरत थे।
अब उच्च न्यायालय ने उन्हें रजिस्ट्रार जनरल नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से प्रभावी होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा