एचएएस अधिकारी सचिन कंवल से सीईओ का कार्यभार वापस, सुरेंद्र मोहन को नई जिम्मेदारी

 




शिमला, 01 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए एचएएस अधिकारी सुरेंद्र मोहन को हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। इस संबंध में सरकार ने बुधवार को अधिसूचना जारी कर दी है।

वर्ष 2014 बैच के एचएएस अधिकारी सुरेंद्र मोहन वर्तमान में ग्रामीण विकास विभाग में अतिरिक्त निदेशक के पद पर तैनात हैं। अब उन्हें राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सीईओ की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। वह अतिरिक्त निदेशक ग्रामीण विकास का कार्यभार भी संभालते रहेंगे।

वहीं, वर्ष 2009 बैच के एचपीएएस अधिकारी सचिन कंवल से राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सीईओ का अतिरिक्त कार्यभार वापस ले लिया गया है। अब वह केवल मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव के रूप में कार्य करेंगे।

मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा