हिमाचल के 302 सरकारी स्कूलों में शुरू होंगे नए वोकेशनल कोर्स

 

शिमला, 09 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के 302 सरकारी स्कूलों में नए व्यावसायिक यानी वोकेशनल कोर्स शुरू किए जाएंगे। भारत सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रदेश में 302 स्कूलों में व्यावसायिक विषय शुरू करने को मंजूरी दे दी है। स्वीकृति मिलने के बाद इन स्कूलों में विद्यार्थियों को नियमित शैक्षणिक विषयों के साथ कौशल और रोजगार से जुड़े पाठ्यक्रम पढ़ने का अवसर मिलेगा।

केंद्र सरकार की मंजूरी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के साथ राजकीय उच्च विद्यालय भी शामिल हैं। व्यावसायिक शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्कूली स्तर पर ही व्यावहारिक कौशल और कार्यक्षेत्र से जुड़ी जानकारी देना है। इससे विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई, प्रशिक्षण और रोजगार के विकल्पों को समझने में मदद मिलेगी।

हिमाचल प्रदेश में पहले से व्यावसायिक शिक्षा के तहत कई क्षेत्रों से जुड़े पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें सूचना प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवाएं, पर्यटन, कृषि, खुदरा, ऑटोमोबाइल, सुरक्षा, दूरसंचार, मीडिया और बैंकिंग जैसे क्षेत्र शामिल हैं। नए स्कूलों को योजना में शामिल किए जाने से सरकारी स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा का दायरा और बढ़ेगा।

जिला-वार स्वीकृति में कांगड़ा सबसे आगे है। कांगड़ा जिले के 47 सरकारी स्कूलों में व्यावसायिक विषय शुरू करने को मंजूरी मिली है। चंबा के 45, सिरमौर के 43 और शिमला के 41 स्कूल इस सूची में शामिल हैं। मंडी के 39, सोलन के 28, कुल्लू के 19, ऊना के 21, हमीरपुर के 11 और बिलासपुर के 10 स्कूलों में भी नए व्यावसायिक विषय शुरू किए जाएंगे। लाहौल-स्पीति के एक सरकारी स्कूल को भी इसके लिए मंजूरी मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा