हिमाचल के सरकारी स्कूलों में 624 हेडमास्टर पद खाली, चार महीने से पदोन्नति सूची का इंतजार

 

शिमला, 15 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की पदोन्नति का इंतजार लंबा होता जा रहा है। प्रदेश के 624 हाई स्कूलों में हेडमास्टर के पद रिक्त हैं, लेकिन इन पदों को भरने के लिए 624 टीजीटी और प्रमोटी प्रवक्ताओं की पदोन्नति सूची पिछले चार महीने से लंबित है। इस देरी के चलते कई पात्र टीजीटी पदोन्नति पाए बिना ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

राजकीय टीजीटी कला संघ ने सरकार से हेडमास्टर पद पर टीजीटी से पदोन्नति की प्रक्रिया जल्द पूरी करने और करीब 600 रिक्त पदों को भरने की मांग की है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कौशल, उपाध्यक्ष विजय बरवाल और महासचिव विजय हीर ने कहा कि सीबीएसई इन-सर्विस शिक्षकों की काउंसलिंग शुरू होने से पहले लंबित हेडमास्टर पदोन्नति सूची जारी की जानी चाहिए। उनका कहना है कि इससे स्कूलों में खाली हेडमास्टर पद भरने के साथ टीजीटी कैडर में भी नए पद रिक्त होंगे।

संघ ने कहा कि टीजीटी से प्रवक्ता पद पर पदोन्नति के लिए 749 शिक्षकों की विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक सितंबर 2025 में हो चुकी है, लेकिन करीब एक साल बीतने के बाद भी पदोन्नति सूची जारी नहीं हुई है। संघ के अनुसार समय पर इन शिक्षकों की पदोन्नति होने से करीब 550 शिक्षकों पर मंडरा रहा डिमोशन का खतरा भी समाप्त हो सकता है।

संघ का कहना है कि हेडमास्टर पद पर पदोन्नति से टीजीटी कैडर में रिक्तियां बढ़ेंगी। इससे शिक्षकों के तबादले और प्रतिनियुक्ति के लिए स्टेशन उपलब्ध हो सकेंगे। संघ ने यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति के कारण टीजीटी कैडर में सैकड़ों पद पहले से खाली हैं। इसके बावजूद जेबीटी और सीएंडवी वर्ग के शिक्षक भी करीब तीन साल से पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं। इनके प्रमोशन पैनल फरवरी 2026 में जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक पदोन्नति सूचियां जारी नहीं हुई हैं।

राजकीय टीजीटी कला संघ ने मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने और हेडमास्टर, प्रवक्ता, जेबीटी तथा सीएंडवी वर्ग की सभी लंबित पदोन्नति प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने की मांग की है। संघ का कहना है कि लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों को समय पर पदोन्नति मिलने से उन्हें सेवा संबंधी लाभ भी मिल सकेंगे और सरकारी स्कूलों में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा