आईएएस अधिकारी आशीष सिंहमार को पशुपालन और अमरजीत सिंह को गृह विभाग का अतिरिक्त दायित्व

 


शिमला, 25 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस संबंध में मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। सरकार ने 2008 बैच के आईएएस अधिकारी आशीष सिंहमार और 2010 बैच के आईएएस अधिकारी अमरजीत सिंह को उनके मौजूदा कार्यों के साथ नए विभागों का अतिरिक्त कार्यभार दिया है।

आदेशों के अनुसार आशीष सिंहमार को सचिव, पशुपालन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आशीष सिंहमार फिलहाल डिजिटल टेक्नोलॉजीज एंड गवर्नेंस विभाग के सचिव हैं। इसके अलावा वे मुख्यमंत्री के सचिव के रूप में भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। अब वे इन जिम्मेदारियों के साथ पशुपालन विभाग का काम भी देखेंगे।

वहीं, अमरजीत सिंह को सचिव (गृह) का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। अमरजीत सिंह वर्तमान में सहकारिता और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीसीपी) विभागों के सचिव हैं। अब वे इन विभागों के साथ-साथ गृह विभाग की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि गृह विभाग के सचिव के रूप में काम करते समय अमरजीत सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) के समग्र नियंत्रण में कार्य करेंगे। राज्य सरकार ने प्रशासनिक कामकाज को सुचारू बनाए रखने के लिए यह अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा