हिमाचल प्रदेश के सात जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा, 5 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट
शिमला, 30 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मानसून के अगले कई दिनों तक सक्रिय रहने का अनुमान है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने अगले 24 घंटे, यानी 31 जुलाई सुबह 5:30 बजे तक राज्य के सात जिलों में कम से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड का जोखिम बताया है। जिन जिलों के लिए यह चेतावनी जारी की गई है उनमें कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन शामिल हैं।
विभाग के अनुसार इन जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और निचले इलाकों में अचानक पानी बढ़ने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों से नदी-नालों और खड्डों के किनारे जाने से बचने तथा मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की अपील की गई है।
मौसम विभाग ने आज गुरुवार के लिए भी कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कुल्लू, शिमला, सिरमौर और किन्नौर जिलों के लिए येलो अलर्ट रहेगा। विभाग का कहना है कि राज्य में 5 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है और इस अवधि के लिए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, चट्टानें गिरने और निचले क्षेत्रों में जलभराव की आशंका बनी रहेगी। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गुरुवार सुबह से बादल छाए रहे और कुछ जगह हल्की बारिश भी हुई।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में बारिश की तीव्रता पहले के मुकाबले कम रही और अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 51 मिलीमीटर बारिश सोलन जिले के कसौली में हुई। इसके बाद शिमला जिले के सराहन में 32.5 मिलीमीटर, बिलासपुर के नैना देवी में 26 मिलीमीटर, मंडी जिले के कटौला में 23 मिलीमीटर, जोगिंदरनगर में 20 मिलीमीटर और किन्नौर के निचार में 17 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। हालांकि बारिश कम होने से लोगों को कुछ राहत मिली है, लेकिन पिछले दिनों हुई लगातार वर्षा का असर अब भी बना हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार प्रदेश में भूस्खलन और अन्य कारणों से अभी भी करीब 150 सड़कें बंद हैं, जिससे कई क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हो रही है।
बारिश में कमी आने के साथ प्रदेश में उमस बढ़ी है और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है। गुरुवार सुबह राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान बिलासपुर में 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद हमीरपुर 25.4, मंडी 24.4, कांगड़ा 23.8, सुंदरनगर 23.1, ऊना और सियोबाग 22.3, धर्मशाला 21.7, सोलन 21.4, नाहन 21.3, जुब्बड़हट्टी 20.8, पालमपुर 20.5, भुंतर 20.4, मनाली 19.5, कसौली 19.0, कोटखाई 18.7, डलहौजी 17.9, सराहन 17.7, मशोबरा 17.2, शिमला 16.8, ताबो 16.5, कल्पा 15.6, कुफरी 14.7, कुकुमसेरी 13.9, केलांग 13.6 और भरमौर में 13.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा