हिमाचल के पांच जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा, 8 अगस्त तक बारिश का अलर्ट

 


शिमला, 02 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अगले 24 घंटे चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में 3 अगस्त तक फ्लैश फ्लड यानी अचानक बाढ़ का खतरा जताया है। विभाग के अनुसार तेज बारिश होने पर छोटे नाले और खड्ड अचानक उफान पर आ सकते हैं। निचले इलाकों में पानी भरने, भूस्खलन और मलबा आने की आशंका भी है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में 8 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। कई जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लेने और नदी-नालों के पास नहीं जाने की सलाह दी है।

लगातार बारिश से सड़कें बंद, कई जगह बिजली और पानी की व्यवस्था प्रभावित

रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब बना रहा। राजधानी शिमला में हल्की बारिश हुई, जबकि कई अन्य क्षेत्रों में हल्की और मध्यम बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश का असर जनजीवन पर भी दिखाई दे रहा है। भूस्खलन के कारण प्रदेश में करीब 100 सड़कें बंद हैं। सबसे अधिक असर मंडी, कुल्लू और चंबा जिलों में देखा गया है। कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है और कई पेयजल योजनाओं पर भी असर पड़ा है। संबंधित विभाग बंद सड़कों को खोलने और जरूरी सेवाओं को सामान्य करने में जुटे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 3 अगस्त को बिलासपुर, कांगड़ा, चंबा और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 4 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। 5 अगस्त को ऊना, चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों में तेज बारिश की संभावना है। 6 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। विभाग का कहना है कि 8 अगस्त तक प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

ब्रह्माणी में सबसे ज्यादा बारिश, लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

बीते 24 घंटों के दौरान बिलासपुर जिले के ब्रह्माणी में सबसे अधिक 9 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। सिरमौर के पांवटा में 6 सेंटीमीटर, बिलासपुर के आरएल बीबीएमबी और ऊना के रायपुर मैदान में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। बिलासपुर सदर और बरठीं में 4-4 सेंटीमीटर तथा सोलन, कंडाघाट, देहरा गोपीपुर, नंगल डैम सहित कई स्थानों पर 3 सेंटीमीटर बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से छह प्रतिशत कम बारिश हुई है, फिर भी अगले कुछ दिन भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने लोगों से नदी-नालों और खड्डों से दूर रहने, भूस्खलन वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने, यात्रा से पहले सड़क और मौसम की जानकारी लेने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा