हिमाचल विधानसभा चुनाव में उतरेगी लोक जनशक्ति पार्टी, सीटों पर फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा
शिमला, 23 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) भी चुनाव मैदान में उतरेगी। पार्टी ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि पार्टी कितनी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी, यह अभी तय नहीं हुआ है। इस बारे में अंतिम निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व भाजपा के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को ध्यान में रखकर करेगा।
लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पार्टी ने प्रदेश में चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में चुनाव लड़ने और सीटों के बंटवारे से संबंधित निर्णय लिया जाएगा। पार्टी का भाजपा के साथ गठबंधन है। ऐसे में हिमाचल में कितनी सीटों पर प्रत्याशी उतारने हैं, इसका फैसला केंद्र स्तर पर होगा।
नितिन चौहान ने बताया कि पार्टी ने पुरानी प्रदेश कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। नई कार्यकारिणी की सूची प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र कुदुरिया को सौंप दी गई है। अब इस सूची पर पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व अंतिम निर्णय लेगा। मंजूरी मिलने के बाद नई कार्यकारिणी की सूची सार्वजनिक की जाएगी।
बेरोजगारी और नशे की समस्या को प्रमुखता से उठाएगी पार्टी
नितिन चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बेरोजगारी बड़ी समस्याओं में शामिल है। रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने से युवा परेशान हैं। इसके अलावा किसानों, मजदूरों और महिलाओं से जुड़े मुद्दे भी पार्टी की प्राथमिकता में रहेंगे। उन्होंने कहा कि बिजली और सड़कों से संबंधित समस्याओं को भी उठाया जाएगा।
प्रदेश में नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताते हुए चौहान ने कहा कि पार्टी इस समस्या से निपटने के लिए भी आवाज उठाएगी। उन्होंने बताया कि पार्टी का प्रयास रहेगा कि केंद्र सरकार के सहयोग से हिमाचल प्रदेश में नए संस्थान और रोजगार उपलब्ध करवाने वाली परियोजनाएं लाई जाएं। इससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकेंगे। पार्टी युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ किसानों, मजदूरों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर भी काम करेगी।
सदस्यता अभियान के तहत 20 हजार तक नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य
प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए लोक जनशक्ति पार्टी सदस्यता अभियान चला रही है। नितिन चौहान के अनुसार अब तक करीब 1,000 से 1,200 सदस्य पार्टी से जुड़ चुके हैं। आने वाले समय में पार्टी का लक्ष्य 10 हजार से 20 हजार तक नए सदस्य जोड़ने का है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कार्यकारिणी से जुड़े लोग सदस्यता अभियान में सक्रिय हैं और नए लोग संगठन से जुड़ रहे हैं। पार्टी को उम्मीद है कि आने वाले समय में सदस्यों की संख्या बढ़ेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा