हिमाचल का इतिहास, अर्थव्यवस्था, बोलियां, राजनीति और व्यंजन छठी से आठवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में होेंगे शामिलः रोहित ठाकुर
शिमला, 30 जुलाई (हि.स.)। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में आज यहां आयोजित बैठक में छठी से आठवीं कक्षा की पुस्तकों में बदलाव एवं सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इन पुस्तकों में हिमाचल प्रदेश से संबंधित भौगोलिक, सामाजिक, ऐतिहासिक, लोक सांस्कृतिक मूल्यों, अर्थ-व्यवस्था और राजनीति आदि महत्त्वपूर्ण मुद्दों को छठी, सातवीं एवं आठवीं कक्षा के पाठ्यक्रमों में शामिल करने पर गहनता से विचार विमर्श किया गया।
रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के प्रागैतिहासिक काल से लेकर हिमाचल के निर्माण तक, यहां की बोलियों, व्यंजनों, स्वतंत्रता सेनानियों, कारगिल विजेताओं, सैनिकों, हिमाचल के समक्ष चुनौतियां, अर्थव्यवस्था, राजनीति आदि विषयों पर रोचक जानकारी एवं तथ्यों का किताबों में समावेश किया जाएगा। इस जानकारी को एक माह के भीतर अंतिम रूप दिया जाएगा ताकि इन्हें शीघ्र प्रकाशित किया जा सके। शैक्षणिक सत्र 2027-28 से नए पाठ्यक्रम की इन किताबों को स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई के लिए उपयोग में लाया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर आधारित जानकारी और तथ्यों को जानने से विद्यार्थियों में विशलेष्णात्मक सोच और गहराई से जानने की जिज्ञासा जागृत होगी तथा भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सहायक सिद्ध होगी।
शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में छठी से आठवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में बदलाव और सुधार के लिए एक कमेटी गठित की गई है, जिसकी नियमित अंतराल में बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इस कमेटी में शिक्षा सचिव, हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड और एससीईआरटी के प्रतिनिधि तथा सहायक प्रो. आदि शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला