जमा दो परीक्षा का परिणाम घोषित, 92.02 रहा परीक्षा परिणाम
धर्मशाला, 04 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सोमवार को जमा दो की तीनों संकायों का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा परिणाम 92.02 प्रतिशत रहा है। सोमवार को घोषित परिणाम में ऑल ओवर मेरिट की बात करें तो आर्टस विषय के अंशित कुमार ने सबसे अधिक 500 में से 496 अंक लेकर प्रदेश भर में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने 99.02 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इसके अलावा साइंस विषय की शायला कश्यप और आरुषि ने 495-495 अंक लेकर ऑल ओवर मेरिट में दूसरा स्थान जबकि श्यामा बरताजिया ने 494 अंक लेकर तीसरा स्थान हासिल किया है।
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ राजेश शर्मा ने परीक्षा परिणाम घोषित करते हुए बताया कि इस बार अगर बात तीनों संकायों के टॉपर्स की करें तो साइंस में कांगड़ा जिला की शायला कश्यप ने 495 अंक लेकर पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने 99 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इसी तरह संचिता धीमान और काशी शर्मा ने 98.06 अंक लेकर दूसरा जबकि तमन्ना शर्मा, नितिन और वैशाली ने 98.04 प्रतिशत अंक लेकर तीसरा स्थान हासिल किया है। इसी तरह कॉमर्स संकाय में ऊना की यशस्विनी चौहान, कृषिका और अयान ने संयुक्त रूप प्रदेश में टॉप किया है। उन्होंने 491-491 अंक हासिल किए हैं। इन सभी ने 98.02 प्रतिशत अंक लिए हैं। आर्टस संकाय की बात करें तो इसमें अंशित कुमार ने 496 अंक लेकर प्रदेश भर में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने 99.02 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि इस बार जमा दो में 81417 छात्रों ने परीक्षा दी थी जिनमें 74637 पास हुए हैं जबकि 3071 को कंपार्टमेंट आई है। पास प्रतिशतता 92.02 प्रतिशत रही जोकि पिछले कई वर्षों से बेहतर है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में परीक्षा परिणाम 79.06 प्रतिशत, वर्ष 2024 में 74.05 प्रतिशत, वर्ष 2025 में 83.16 प्रतिशत रहा था।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया