83.87 फीसदी रहा दसवीं का परीक्षा परिणाम, कांगड़ा की अनमोल 699 अंकों सहित रही टॉपर
धर्मशाला, 10 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा रविवार को दसवीं का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया। इस बार परीक्षा में 93 हजार 661 ने भाग लिया था जिनमें 78 हजार 150 छात्र पास हुए हैं। इस तरह परीक्षा परिणाम 83.87 प्रतिशत रहा। वहीं 8433 छात्रों को कंपार्टमेंट आई है। फेल छात्रों की संख्या 6559 रही है।
परीक्षा परिणाम घोषित करते हुए बोर्ड के अध्यक्ष डॉ राजेश शर्मा ने बताया कि कांगड़ जिला के निजी स्कूल की छात्रा अनमोल प्रदेश में टॉपर बनी है। अनमोल ने 700 में से 699 अंक लेकर टॉप किया है। उन्होंने बताया कि अभी प्रोविजनल मैरिट सूची जारी की गई, जिसमें जून में बदलाव होने के बाद फाईनल मैरिट सूची जारी होगी।
कांगड़ा की अनमोल बनी टॉपर
10वीं की परीक्षा में इस बार एवीएम पब्लिक स्कूल पहाड़ा जिला कांगड़ा की अनमोल ने 700 में से 699 अंक लेकर प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं दूसरे नम्बर पर तीन छात्रों अभिनव मेहता ऊना, पूर्णिमा जीएसएसएस बिलासपुर व रोहिणी धीमान ने 700 में से 698 अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा निजी स्कूल हमीरपुर की छात्रा अश्विका शर्मा व ऑक्सफोर्ड स्कूल कोटली मंडी की अलीशा ठाकुर ने 697 अंक लेकर तृतीय स्थान हासिल किया है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ राजेश शर्मा ने कहा कि पिछले वर्ष के मुकाबले परिणाम में बढ़ोतरी हुई है। परीक्षाओं में सुधार के बड़े प्रयास किये गए गए हैं। जिसमें एमसीक्यू व कप्टेंसी बेस्ड व प्रश्न पत्र में बड़े बदलाव किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस बार परीक्षाओं के लिए राज्य भर में 2384 सेंटर बनाए गए थे। इस बार लाइव मॉनिटरिंग भी परीक्षा केंद्रों की गई है। अगली बार ओडियो-वीडियो कैमरे से परीक्षा केंद्रों में निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही मूल्यांकन के लिए 41 केंद्र बनाए गए थे जिनमें 2900 शिक्षकों ने सेवाएं प्रदान की।
स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि रिजल्ट को समय पर निकालने के लिए प्रयास किये गए जिसके चलते हिमाचल बोर्ड आज पांचवें स्थान पर है। वहीं उन्होंने बताया कि हालांकि इस बार जून में दसवीं में कंपार्टमेंट वाले परीक्षार्थी दोबारा परीक्षा दे पाएंगे। इसमें बच्चों को अपने अंक सुधार करने का मौका भी मिल पाएगा। हालांकि फेल छात्रों को जून में परीक्षा देने का मौका नहीं मिल पाएगा। इस मौके पर बोर्ड सचिव डॉ मेजर विशाल शर्मा भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया