स्कूल शिक्षा बोर्ड ने घोषित किया डीएलएड सीईटी का परिणाम, 2835 अभ्यर्थी पास

 


धर्मशाला, 31 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने डीएलएड कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी)-2026 का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। इस बार इस परीक्षा में 2,835 अभ्यर्थियों ने सफलता का परचम लहराया है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सफल हुए सभी भावी शिक्षकों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए इसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षक शिक्षा के नए अध्याय की शुरुआत बताया है।

डॉ. शर्मा ने बताया कि 17 जून, 2026 को प्रदेश भर के 67 परीक्षा केंद्रों पर इस प्रवेश परीक्षा का सफल आयोजन किया गया था। इस परीक्षा के लिए कुल 9,984 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 9,096 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 888 अनुपस्थित रहे। बोर्ड ने पूरी चयन प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाए रखने के लिए पहले जारी की गई अस्थायी उत्तर कुंजी पर आपत्तियां मांगी थीं। विषय विशेषज्ञों द्वारा इन आपत्तियों का गहन परीक्षण करने के बाद ही अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर यह परीक्षा परिणाम तैयार किया गया है।

अब सफल अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश के अगले चरण की शुरुआत होगी। सत्र 2026-2028 में प्रवेश के लिए सीट आवंटन, मेरिट सूची और काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। वहीं स्पोर्टस कोटे के अभ्यर्थियों के खेल प्रमाणपत्रों का सत्यापन और काउंसलिंग 5 और 6 अगस्त, 2026 को सुबह 10:30 बजे से धर्मशाला स्थित बोर्ड मुख्यालय में आयोजित की जाएगी। संबंधित अभ्यर्थियों को तय तिथि पर अपने सभी मूल प्रमाणपत्रों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया