हिमाचल राज्य सहकारी बैंक की 262 शाखाएं नए डिजिटल बैंकिंग सिस्टम से जुड़ीं, मुख्यमंत्री ने दी बधाई
शिमला, 22 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक ने अपने पूरे कोर बैंकिंग सिस्टम को अत्याधुनिक फिनाकल 10.2.25 सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म पर सफलतापूर्वक स्थानांतरित कर दिया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, निदेशक मंडल, प्रबंधन, अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि नई प्रणाली लागू होने से लोगों को पहले की तुलना में अधिक तेज, पारदर्शी और बेहतर बैंकिंग सेवाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक प्रदेश का प्रमुख वित्तीय संस्थान है और सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक बैंकिंग प्रणाली अपनाने के बाद बैंक अपने कार्यक्षेत्र के छह जिलों में स्थित 262 शाखाओं के माध्यम से लोगों को तेज, सुरक्षित और पारदर्शी वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
सुक्खू ने कहा कि नई तकनीक लागू होने से बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अधिक प्रभावी ढंग से काम करने में सुविधा मिलेगी। इससे बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और ग्राहकों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की यह पहल सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में सरकार के प्रयासों को और मजबूत करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिनाकल 10.2.25 जैसी आधुनिक प्रणाली के लागू होने से ग्राहकों को तेज लेनदेन, मजबूत साइबर सुरक्षा और अधिक आसान डिजिटल बैंकिंग सेवाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक प्रदेश का अपना बैंक है और लोगों का इसके साथ भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में बैंक से जुड़ें, इसकी आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाएं और सहकारी व्यवस्था के साथ प्रदेश की आर्थिक प्रगति तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा