निगम भंडारी को किन्नौर कांग्रेस की कमान, शिमला ग्रामीण में हरिकृष्ण हिमराल बने अध्यक्ष
शिमला, 24 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस संगठन में लंबे इंतजार के बाद दो महत्वपूर्ण जिला अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई है। कांग्रेस हाईकमान ने बुधवार को किन्नौर जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष निगम भंडारी और शिमला ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल को नियुक्त किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी आदेश में इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू करने की बात कही गई है।
इन नियुक्तियों के साथ ही प्रदेश कांग्रेस में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है। इससे पहले इसी वर्ष जनवरी में 11 जिलों में जिला कांग्रेस अध्यक्षों की ताजपोशी की गई थी। तब राज्य, जिला और ब्लॉक इकाइयों को भंग किए जाने के करीब 13 महीने बाद संगठन सृजन अभियान के तहत नई नियुक्तियां हुई थीं।
निगम भंडारी लंबे समय से किन्नौर की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी उनकी दावेदारी चर्चा में रही थी। वर्तमान में वह अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव हैं और इससे पहले हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं। पार्टी के भीतर उन्हें राहुल गांधी खेमे के प्रभावशाली युवा नेताओं में गिना जाता है।
वहीं शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष पद पर हरिकृष्ण हिमराल की नियुक्ति भी राजनीतिक रूप से अहम मानी जा रही है। इस पद के लिए कई नेताओं के नाम भी चर्चा में थे। इसके बावजूद हाईकमान ने हिमराल पर भरोसा जताया। हिमराल को पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का करीबी माना जाता है। वर्तमान में वह प्रदेश कांग्रेस महासचिव भी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा