हिमाचल के बजट में एनएचएम कर्मचारियों को मिली सौगात, वेतन में भारी बढ़ौतरी

 


शिमला, 21 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा शनिवार को प्रस्तूत वर्ष 2026–27 के बजट में राज्य की आर्थिक स्थिति पर राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद होने की स्पष्ट छाया दिखाई दी। बजट का कुल आकार पिछले वर्ष की तुलना में करीब तीन हजार करोड़ रुपये कम रखा गया, लेकिन इसके बावजूद सरकार ने कई जनहित से जुड़े फैसले लेते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों को बड़ी राहत देने की घोषणा की है।

बजट में एनएचएम के कुल 1,831 कर्मचारियों में से सात वर्ष की सेवा पूरी कर चुके 823 कर्मचारियों को 1 अप्रैल 2026 से औसतन लगभग 14 हजार रुपये प्रति माह की एकमुश्त वेतन बढ़ोतरी देने की घोषणा की गई है। लंबे समय से वेतन सुधार की मांग कर रहे इन कर्मचारियों के लिए यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सरकार की घोषणा के अनुसार एनएचएम के तहत कार्यरत आयुष स्वास्थ्य अधिकारियों का मासिक वेतन 50,260 रुपये से बढ़ाकर 60,780 रुपये कर दिया गया है, जबकि डेंटल स्वास्थ्य अधिकारियों का वेतन 49,008 रुपये से बढ़ाकर 61,200 रुपये किया गया है। इसी तरह फार्मासिस्ट का वेतन 30,500 रुपये से बढ़ाकर 46,500 रुपये कर दिया गया है। एएनएम का वेतन अब 38,500 रुपये, आशा कोऑर्डिनेटर का 45,050 रुपये, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर का 62,650 रुपये, डेंटल हाइजीनिस्ट का 42,650 रुपये, अकाउंटेंट का 59,750 रुपये और लैब तकनीशियन का वेतन 49,500 रुपये निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा एनएचएम के तहत आउटसोर्स कर्मचारियों को भी वेतन बढ़ोतरी का लाभ दिया गया है। स्टाफ नर्स का वेतन 13,925 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दिया गया है। इसी तरह आउटसोर्स लैब तकनीशियन और फार्मासिस्ट का वेतन बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दिया गया है, जबकि ऑपरेशन थिएटर तकनीशियन का वेतन 17,820 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये किया गया है। डाटा एंट्री ऑपरेटर का वेतन 14,400 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये किया गया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि एनएचएम के वे कर्मचारी जिन्हें इस वित्त वर्ष में सात वर्ष की सेवा पूरी करने का लाभ नहीं मिलेगा, उन्हें 1 अप्रैल 2026 से उनके मूल वेतन पर 5 प्रतिशत की अतिरिक्त बढ़ोतरी दी जाएगी। इसके अलावा जो चिकित्सा अधिकारी अभी नियमित नहीं हुए हैं, उनका मासिक वेतन 33,660 रुपये से बढ़ाकर 40,000 रुपये कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा